चेकिंग में पुलिस को मिले वाहन चोर सिक्योरिटी गार्ड, आधा दर्जन बाइकें की बरामद
बाइकें चोरी करने वाले दो सिक्योरिटी गार्ड बुधवार देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए। उनके पास से छह बाइकें बरामद हुई है।
शाहजहांपुर, जेएनएन। बाइकें चोरी करने वाले दो सिक्योरिटी गार्ड बुधवार देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए। उनके पास से छह बाइकें बरामद हुई है। जो नोएडा, मुरादाबाद व बरेली से चोरी कर लाए थे। जिनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
जैतीपुर थाना क्षेत्र के गौहापुर बहगुल नदी पुल के पास पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। एक बाइक पर सवार दो लोग आते दिखाई दिए तो उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक भगाने का प्रयास किया तो अनियंत्रित होकर बाइक गिर गई।
पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम जैतीपुर के खुरमानपुर गांव निवासी ब्रह्म स्वरूप उर्फ लल्ला व क्षेत्र के ही रमपुरिया न्यूरिया निवासी शेर पाल बताया। पुलिस ने जब थाने ले जाकर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि नोएडा के सेक्टर 71 में एक प्राइवेट फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे।
वहां से जब वापस घर आते थे तो बाइक चोरी कर लाते थे। इसके बाद दोनों के घरों से पांच अन्य बाइकें भी पुलिस ने बरामद कर ली। जो नोएडा, मुरादाबाद, बरेली आदि जिलों से चोरी बताई जा रही है। सीओ परमानंद पांडेय ने बताया कि बाइक मालिकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।