मानसिक मंदित महिला से दुष्कर्म करने वाले आरोपित को पुलिस ने दबोचा Bareilly News
मानसिक मंदित महिला को खेतों पर ले जाकर इलाके के ही युवक ने दुष्कर्म किया। खोजते हुए मां खेतों पर पहुंची तो आरोपित मौके से फरार हो गया।
जेएनएन, बरेली : मानसिक मंदित महिला को खेतों पर ले जाकर इलाके के ही युवक ने दुष्कर्म किया। खोजते हुए मां खेतों पर पहुंची तो आरोपित मौके से फरार हो गया। देर शाम पीड़िता के भाई ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने रात में ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
थाना सीबीगंज क्षेत्र के एक परिवार में मानसिक मंदित महिला रहती है। रविवार दोपहर बाद किसी समय इलाके का ही रवि मौर्य महिला को बहला- फुसलाकर खेत पर ले गया। वहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। मानसिक मंदित काफी देर तक नहीं दिखी तो परिजन उसकी तलाश में निकले।
पीड़िता की मां को आते देख आरोपित रवि मौके से फरार हो गया। पीड़िता की मां ने इसकी जानकारी उसके भाई को दी। सूचना पर सीओ द्वितीय सीमा यादव, इंस्पेक्टर सीबीगंज बच्चू सिंह मौके पर पहुंचे।
विवाहित थी पीड़िता : पीड़िता भाई ने बताया कि बहन की शादी 7 वर्ष पूर्व थाना शाही के एक गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही उनकी तबीयत खराब रहने लगी। वह मानसिक रूप से बीमार हैं। उनका इलाज चल रहा है। उनका एक 6 वर्ष का बेटा भी है।
वहीं सीबीगंज इंस्पेक्टर बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़िता के भाई की तहरीर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। रात में ही आरोपित की भी गिरफ्तारी कर ली गई है।