पीओ डूडा का फोन बंद, घर पर लटका ताला
पप्पू भरतौल और उनके समर्थकों की पिटाई से आहत डूडा के परियोजना अधिकारी (पीओ) विनय कुमार सिंह ने अपने दोनों फोन बंद कर लिए हैं।
जागरण संवाददाता, बरेली : बिथरीचैनपुर के भाजपा विधायक पप्पू भरतौल और उनके समर्थकों की पिटाई से आहत डूडा के परियोजना अधिकारी (पीओ) विनय कुमार सिंह ने अपने दोनों फोन बंद कर लिए हैं। घर पर भी ताला लटका है। हालांकि, दूसरे दिन भी उन्होंने घटना के बाबत कोई लिखित शिकायत नहीं की। सिर्फ नगर आयुक्त को घटनाक्रम के बारे में मौखिक रूप से अवगत कराया है।
यह था मामला
शुक्रवार दोपहर गांधी उद्यान के पास स्थित डूडा कार्यालय में भाजपा विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल और उनके समर्थक पहुंचे। वह फोन न उठाने और सड़कों के एक टेंडर की सिफारिश न मानने से खफा था। बताते हैं, पीओ ने यह काम एक मंत्री के रिश्तेदार को दे दिया था। आरोप है, इसी से गुस्साए विधायक ने पीओ विनय कुमार सिंह को पीट दिया।
घटना से सहमे पीओ, नगर आयुक्त ने बुलवाया
घटना के बाद से ही पीओ बुरी तरह सहमे हैं। शुक्रवार शाम को ही उन्होंने अपने दोनों फोन बंद कर लिए। रात में उनके कर्मचारी को फोन करके नगर आयुक्त आरके श्रीवास्तव ने घर से बुलवाया। तब पीओ ने उन्हें पूरा घटनाक्रम बयां किया। काफी देर बातचीत करके पीओ जज परिसर स्थित अपने कमरे में आ गए। मीडिया में मामला उछलने के बाद शनिवार सुबह से ही उनके परिचितों ने फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद थे। चर्चा है कि विनय अपने घर लखनऊ चले गए हैं। वर्जन
पीओ को घर से बुलाया था। उनसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। यह सच है कि उन्होंने मारपीट की बात कही, लेकिन लिखित में शिकायत करने से इन्कार कर दिया।
- आरके श्रीवास्तव, नगर आयुक्त