Covid-19 Awareness : बरेली में सरकारी हैंडपंप पर लटकाई तख्ती, लिखा सावधान नल कोरोना से संक्रमित है न करें इस्तेमाल Bareilly News
सरकारी नल पर सावधान की तख्ती लटकवा कर तुरंत ही नल के आस पास के क्षेत्र को सेनिटाइज कराते हुए लोगों को नल का इस्तेमाल न करने की जानकारी भी दी।
बरेली, जेएनएन। बरेली की एक नगर पंचायत में लगे सरकारी हैंडपंप से कोरोना संदिग्ध के पानी पीने की जानकारी मिली तो नगर पंचायत के चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी सक्रिय हो गए। जिसके बाद उन्होंने तुरंत सरकारी हैंडपंप पर सावधान की तख्ती लटकवा कर तुरंत ही हैंडपंप के आस पास के क्षेत्र को सेनिटाइज कराते हुए लोगों को हैंडपंप का इस्तेमाल न करने की जानकारी भी दी।
मामला बरेली की फतेहगंज पूर्वी नगर पंचायत का है। जहां लगे सरकारी हैंडपंप पर एक व्यक्ति को कुछ लोगों ने पानी पीते देखा। जिसकी हालत काफी खराब लग रही थी। प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार उसे खांसी आ रही थी। ये देख लोगों ने कोरोना संदिग्ध होने की आंशका के चलते इसकी सूचना नगर पंचायत के चेयरमैन प्रदीप कुमार अग्रवाल और अधिशासी अधिकारी रतन कुमार पांडेय को दी।
कोरोना संदिग्ध व्यक्ति द्वारा सरकारी हैंडपंप से पानी पीने की जानकारी मिलते नगर पंचायत चेयरमैन व अधिशासी अभियंता मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने नगर पंचायत कर्मियों द्वारा एक तख्ती सरकारी हैंडपंप पर लगबा दी। जिस पर लिखा है सावधान यह हैंडपंप कोरोना वायरस से संक्रमित है। कृपया इसका इस्तेमाल न करें। इसके साथ ही हैंडपंप व उसके आसपास कुछ दूरी तक सेनेटाइजर का छिडकाव करवाया।
इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर उसकी जांच करवाई गई। जो मलेरिया से ग्रसित है। लोगों के अनुसार उक्त व्यक्ति भनपुरा का रहने वाला है। जो प्यास लगने पर सरकारी हैंडपंप से पानी पीने लगा। लेकिन फिर भी लोग एहतियात बरत रहे है।