बरेली में ठेकेदारों की मनमानी से लोगों को हो रही दिक्कत, खुर्रम गौटिया में खोदी गई सड़क ठीक करने के लिए दस दिन का समय मांगा था लेकिन डेढ़ महीने हो गए अभी तक सड़क खुदी पड़ी है
ठेकेदार की मनमानी और अफसरों के ढीलेे रवैयेे के कारण खुर्रम गौटिया के लोग पिछले डेढ़ महीने से धूल फांक रहे हैं। जल निगम ने दस दिन में काम पूरा करने के लिए मार्ग बंद कराया लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है।
बरेली, जेएनएन। ठेकेदार की मनमानी और अफसरों के ढीलेे रवैयेे के कारण खुर्रम गौटिया के लोग पिछले डेढ़ महीने से धूल फांक रहे हैं। जल निगम ने दस दिन में काम पूरा करने के लिए मार्ग बंद कराया, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है। दो व तीन पहिया वाहन चालकों ने उसी के बीच से रास्ता तैयार कर लिया है।बियावानी कोठी से आगे खुर्रम गौटिया होते हुए ईसाइयों की पुलिया तक ट्रंक सीवर लाइन डालने के लिए जल निगम ने वहां सड़क की खोदाई करनी थी। यह मार्ग सेटेलाइट तिराहे से शहर को आने वाले वाहनों के लिए वन-वे है। सीवर लाइन बिछाने के लिए जल निगम ने ट्रैफिक विभाग को पत्र भेजकर मार्ग को दस दिन के लिए बंद कराने की मांग की। ट्रैफिक विभाग ने 19 फरवरी को मार्ग बंद कर दिया। तब से जल निगम के ठेकेदार ने वहां खोदाई का काम शुरू किया, लेकिन करीब डेढ़ महीना बीतने के बाद भी कार्य पूरा नहीं किया है। रास्ता अभी बंद है। इससे वहां से निकलने वाले वाहनों के साथ ही सड़क के आसपास रहने वालों को तमाम दिक्कत है।
होली से पहले बंद हुआ काम
जल निगम ने सड़क खोदकर सीवर लाइन डाल दी है और सड़क के ऊपर दोबारा मिट्टी बिछा दी है। इससे वहां मार्ग काफी ऊबड़-खाबड हो गया है। कई जगह मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं। होली के पहले से वहां अचानक काम बंद हो गया है। हालात यह है कि शुक्रवार को भी कर्मचारी लौटे नहीं हैं। इस कारण काम शुरू नहीं हो पाया है।
बैरियर हटाकर घुस रहे वाहन
डेढ़ महीने से रास्ता बंद होने के कारण लोग परेशान हैं। लोगों ने खुर्रम गौटिया से पहले रास्ता बना लिया है। वही से दो पहिया और तीन पहिया वाहनों को लेकर खोदी पड़ी सड़क पर पहुंच रहे हैं। इसके बाद ईसाइयों की पुलिया के पास खुद बैरियर को हटाकर वाहन निकाल रहे हैं। इससे वहां हादसे की आशंका बनी हुई है।
उड़ रहे धूल के गुबार
पूरी रोड पर मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं। इसी रोड पर एक निजी अस्पताल, दुकानों के साथ ही लोगों के आवास भी हैं। मिट्टी पड़ी होने के कारण हर वक्त धूल के गुबार उठ रहे हैं। लोगों के घरों और दुकानों में भी धूल की परत जम रही है। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से जल्द काम पूरा कराने की मांग भी की है। जलनिगम के अधिशासी अभियंता संजय कुमार ने बताया कि मार्ग पर ट्रंक सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। मिट्टी बिछा दी गई है। कुछ जगह मिट्टी डालनी बाकी है। इसके साथ ही उसे कांपेक्ट भी किया जाएगा। हफ्ते दस दिन में में सड़क सही करा दी जाएगी।