संघ के पथ संचलन में दिखी एकजुटता की झलक
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने स्थापना दिवस मनाया।
जागरण संवाददाता, बरेली : राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर विवेकानंद नगर और मॉडल टाउन से पथ संचलन निकला। शस्त्र पूजा और बौद्धिक सत्र भी हुआ। विवेकानंद नगर कार्यक्रम में वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।
दशहरा पर ही संघ का स्थापना दिवस मनाया जाता है। इसी के तहत विवेकानंद नगर में पार्क में कार्यक्रम हुआ। जिसकी शुरुआत ध्वज प्रणाम और प्रार्थना से हुई। इस दौरान विभाग बौद्धिक प्रमुख आनंद पाठक ने कहा कि समाज जातियों में नहीं बंटे। एकजुट रहे, जिससे देश की अखंडता को तोड़ने वाली शक्तियों से मुकाबला किया जा सके।
इसके बाद पथ संचलन शुरू हुआ, जो कि बरेली कॉलेज, कालीबाड़ी, श्यामगंज चौकी, होली चौराहा, सिकलापुर, पटेल चौक होते हुए वापस विवेकानंद नगर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस मौके पर कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. अरुण मित्तल, महानगर संघचालक अतुल खंडेलवाल, महानगर कार्यवाह हरीश चंद्र, विवेकानंद नगर के संघ चालक शिव कुमार आदि मौजूद रहे।
मॉडल टाउन से भी निकला पथ संचलन
मॉडल टाउन स्थित इंद्रापार्क में भी कार्यक्रम मनाया गया। बौद्धिक सत्र में विभाग प्रचारक आनंद ने कहा कि संघ का काम लोगों में राष्ट्रीयता की भावना लाना है, जिससे सभी एक जुट रहें। यहां से निकला पथ संचलन सनातन धर्म मंदिर, प्रेमनगर थाना के पास से चौराहा, दशहरा मैदान मॉडल टाउन, संजय नगर पेट्रोल पंप होते हुए सिटी हार्ट पहुंचकर संपन्न हुआ। इस मौके पर डॉ. महेंद्र सिंह बासु, महानगर सह संघचालक डॉ. सत्यपाल गंगवार, जिला प्रचारक विक्रांत, पवन अरोरा आदि मौजूद रहे।
बरेली: शहर में विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सामाजिक संगठनों ने शस्त्र पूजन भी किया। शुक्रवार को पंजाबी महासभा का शस्त्र पूजन कार्यक्रम राजेंद्र नगर में श्री बांके बिहारी मंदिर के योग हाल में हुआ। मंदिर पुजारी ने विधि विधान से शस्त्र पूजन कराया। इस मौके पर संजीव साहनी, गुलशन आनंद, सतीश खट्टर, नगर निगम के उपसभापति अतुल कपूर, संजय आनंद, अमित अरोड़ा, विपिन कोहली आदि मौजूद रहे। (जासं)