Hockey World Cup : स्टार हॉकी प्लेयर सिमरनजीत का शानदार आगाज, पहले मैच में दागे दो गोल
पीलीभीत के रहने वाले स्टार हॉकी प्लेयर सिमरनजीत ने पहले ही मैच में दो गोल दागकर अपने स्टिक का जादू दिखाया।
बरेली(जेएनएन)। 43 साल बाद हॉकी में फिर से विश्व सिरमौर बनने की उम्मीदें लेकर भारतीय टीम मैदान में उतर चुकी है। जिम्मेदारी की एक स्टिक रुहेलखंड के बेटे सिमरनजीत के हाथ में भी है। हॉकी वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के पहले ही मैच में पीलीभीत के सिमरनजीत सिंह ने दो गोल दागकर अपना जादू फिर दिखाया। अब तक रुहेलखंड से वे इकलौते खिलाड़ी हैैं जो वर्ल्ड कप तक पहुंचे हैैं। भारतीय टीम में उन्हें फॉरवर्ड के तौर पर चयनित किया गया है। सरदार सिंह के संन्यास लेने, एसवी सुनील, रुपिंदरपाल सिंह की अनुपस्थिति में सिमरनजीत पर बड़ी जिम्मेदारी है। परिवार से लेकर प्रशंसक तक उनकी हॉकी से गोल की बारिश की आस के साथ उल्लास से लबरेज हैं।
पीलीभीत में सीखा हॉकी पकड़ना
यह नवोदित सितारा जिले के मझोला क्षेत्र में मझारा फार्म निवासी किसान इकबाल सिंह का बेटा है। बचपन से ही हॉकी के प्रति जबरदस्त लगाव था। यहीं पर वर्ष 2007 में पंजाब से आए अपने ताऊ रक्षपाल सिंह के साथ पहली बार हॉकी थामी थी। लगन देखकर वह सिमरन को साथ ले गए।
पंजाब में निखरा खेल
पटियाला में उन्हें हॉकी के गुर सिखाए गए। वहीं से खेलते हुए उसने भारतीय जूनियर हॉकी टीम में जगह बनाई थी। यहां से उसके कामयाबी का सफर शुरू हो गया। वर्ष 2017 में सिमरनजीत भारतीय सीनियर टीम का हिस्सा बन गए। मंगलवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में शुरू हुए विश्व कप हॉकी टूर्नामेंट की टीम में बतौर फारवर्ड चुना गया है।
24 मैच खेल चुके अब तक
सिमरनजीत वर्ष 2017 से भारतीय पुरुष हॉकी टीम के नियमित सदस्य हैं। अब तक दो दर्जन अंतरराष्ट्रीय मैचों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके खेल की बदौलत भारतीय टीम कई बार कामयाबी का परचम फहरा चुकी है।
कई टूर्नामेंट में दिलाई फतह
- 2014 में सुल्तान ऑफ जौहर कप में भारतीय टीम का स्वर्ण पदक दिलाया।
- 2016 में जूनियर हॉकी विश्व कप में भी भारत को स्वर्ण पदक दिलाया
- 2018 में चैंपियन ट्रॉफी में गोल कर चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को धूल चटाने में अहम भूमिका रही
- इसी साल एशियाई खेल में बेहतरीन खेल और पास से दिल जीता
- अब पहले सीनियर विश्व कप हॉकी में उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकीं।
पहले ही मैच कमें दिखा सिमरन का अहम रोल, दागे दो गोल
हॉकी वल्र्ड कप के पहले मैच में ही सिमरनजीत की स्टिक का जादू चल गया। रुहेलखंड के स्टार हॉकी प्लेयर सिमरनजीत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो गोल दागते हुए शानदार आगाज किया। पीलीभीत के सिमरनजीत ने 43वें मिनट में तीसरा और 50वें मिनट में पांचवां गोल दागते हुए भारतीय टीम को 5-0 से बढ़त दिलाई। बता दें कि जूनियर वल्र्ड कप के फाइनल में 22वें मिनट में सिमरनजीत ने दूसरा गोल कर भारत को चैंपियन का खिताब दिलवाया था।
सिमरन के गोल दागते ही झूम उठे परिजन, छोटा भाई करने लगा भांगड़ा
बुधवार को देरशाम विश्व कप हॉकी में भारतीय टीम का पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से हुआ। इस मैच को लेकर सिमरनजीत सिंह के परिवार वालों में खासी बैचेनी थी। मैच शुरू होने से पहले ही सिमरन के पिता इकबाल सिंह, माता मंजीत कौर, दादी गुरमीत कौर, बहन नवनीत कौर, भाई अर्शजीत एवं अन्य परिजन टेलीविजन के सामने बैठकर इंतजार करने लगे। मैच के 43वें और 50वें मिनट में सिमरनजीत ने दो गोल कर टीम इंडिया को 5-0 से बढ़त दिला दी। मैच देख रहे परिजन सिमरनजीत के गोल करने पर खुशी के मारे झूम उठे। छोटा भाई अर्शजीत तो भांगड़ा करने लगा। माता-पिता और दादी सिमरनजीत की कामयाबी के लिए भगवान का धन्यवाद करने लगे। बहन नवनीत कौर भी लाडले भाई की कामयाबी से बेहद खुश दिखाई दी। मैच जीतने के बाद सिमरन के घर जश्न सा माहौल देखने को मिला। भाई अर्शजीत सिंह ने उम्मीद जताई कि आने वाले मैचों में भी सिमरनजीत बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर पूरी दुनिया में शहर और देश का नाम रोशन करेगा।