मंडियों की खस्ता हालत में ऑन लाइन व्यवस्था से होगा सुधार Bareilly News
पहले की सरकारों में मंडियों की हालत इसलिए खस्ता थी क्योंकि सरकार आमदनी करती थी लेकिन मंडियों पर खर्च नहीं करती थी। अब सफाई के साथ अन्य सुविधाएं बढ़ रही हैं।
जेएनएन, बरेली : कृषि विपणन राज्यमंत्री श्रीराम चौहान ने शनिवार को कहा है कि भाजपा सरकार में मंडियों की हालत सुधरी है। पहले की सरकारों में मंडियों की हालत इसलिए खस्ता थी क्योंकि सरकार आमदनी करती थी लेकिन मंडियों पर खर्च नहीं करती थी। अब सफाई के साथ अन्य सुविधाएं बढ़ रही हैं। किसानों और व्यापारियों के लिए ऑनलाइन व्यवस्थाएं की जा रहीं। कहा कि सरकार की मंशा है कि किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिले और व्यापारियों को अच्छा माल मिले।
उन्होंने मंडी समिति के एक कार्यक्रम में पांच सौ किसानों को क्रेटस वितरित किए। उन्होंने कहां कि व्यापारियों को त्रिपाल भी वितरित किए जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने आढ़तियों के साथ बैठक की। आढ़तियों ने मांग रखी कि मंडी में किसानों का कम अनाज आ रहा है। इसलिए मंडी में चक्की स्पेलर और दूसरे लघु उपक्रम लगाने की व्यापारियों को अनुमति दी जाए। मंडी शुल्क कम करने को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।
व्यापारियों ने कहा कि दूसरे राज्यों से माल लाने पर वहां के साथ ही यहां पर भी मंडी शुल्क देना पड़ता है। इसको कम किया जाए क्योकि, इससे घाटा हो रहा है। इसके बाद मंत्री ने मंडी समिति परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को साफ सफाई के निर्देश दिए। इसके पहले वह केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से भी मिलने गए।