Google बताएगा Lockdown में कहां हैं भोजन केंद्र और रैन बसेरा
अब गूगल सरकार प्रशासन और सरकारी संस्थाओं के सहयोग से गूगल मैप गूगल सर्च और गूगल अस्सिटेंट पर भोजन केंद्र और रैन बसेरों की जानकारी देगा।
बरेली, जेएनएन। कोरोना महामारी का संक्रमण रोकने के लिए देशभर में लॉक डाउन किया गया है। जिससे दैनिक मजदूरी करने वाले लाखों लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है तो सैकड़ों लोगों के पास लॉक डाउन में फंसने के कारण रहने का ठिकाना नहीं रह गया है। ऐसे में गूगल इंडिया ने अलग-अलग शहरों में फंसे मजदूरों और अन्य जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए बेहतरीन पहल की है। अब गूगल सरकार, प्रशासन और सरकारी संस्थाओं के सहयोग से गूगल मैप, गूगल सर्च और गूगल अस्सिटेंट पर भोजन केंद्र और रैन बसेरों की जानकारी देगा। जिसकी मदद से कोई भी आसानी से यह पता कर सकता है कि किस शहर में कहां पर कितने भोजन केंद्र और रैन बसेरा बनाएं गए हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर लाेग अपने आस-पास मौजूद भोजन केंद्रों व रैन बसेरा की जानकारी अासानी से पा सकेंगे।
ट्वीट कर साझा की जानकारी
गूगल इंडिया ने टि्वटर पर अपने ऑफिशियल अकाउंट से ट्वीट कर इस संबंध में जानकारी साझा की है। इसमें लिखा है कि जरूरतमंद लोगों की उनके शहर में भोजन केंद्र और रैन बसेरा खोजने में मदद करें और इसके बारे में सबको बताएं। इसके साथ ही तीन सेकेंड का वीडियो पोस्ट करके बताया कि किस तरह से गूगल की मदद से भोजन केंद्र या रैन बसेरा खोजा जा सकता है।
जरूरतमंदों के लिए शुरू की पहल
लॉक डाउन के चलते सभी फैक्ट्री, उद्योग बंद कर दिए गए हैं। ऐसे में लाखों मजदूर के पास न तो रहने के लिए ठिकाना बचा है और न ही खाने के लिए कोई व्यवस्था है। जिसके चलते पिछले दिनों बड़ी संख्या में दिहाड़ी मजदूराें और अन्य प्रवासी लोगों को अपने घरों की ओर लौटना पड़ा था। इस दौरान ट्रेन, बस आदि बंद होने पर उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। वहीं, लॉक डाउन के चलते सैकड़ों लोग अपने घरों से दूर दूसरे शहरों में फंस गए है जिनके सामने इन दिनों खाने और रहने की समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे जरूरतमंद लोगों के लिए गूगल की ओर से यह पहल की गई है। जिससे उन्हें आसानी से रहने के लिए आश्रय गृह और खाने के लिए निशुल्क भोजन उपलब्ध कराने वाले केंद्रों के बारे में जानकारी मिल सके।
गूगल के जरिये कर सकते हैं जरूरतमंदों की मदद
गूगल की इस पहल से जुड़कर लोग भी आसानी से जरूरतमंदों की मदद कर सकते हैं। कोई भी व्यक्ति आसानी से जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन केंद्र व रैन बसेरा ढूंढ सकता है। जिससे जरूरतमंदों लोगों को काफी मदद मिल सकती है।