दरिंदगी : नौ साल की मासूम को अगवा कर दुष्कर्म, फिर गला दबाकर मार डाला
दरिंदे ने नौ साल की एक मासूम को अगवा कर दुष्कर्म किया, फिर गला दबाकर हत्या कर दी।
बरेली(जेएनएन)। पुलिस बेटियों की सुरक्षा के दावे ही करती रही और दरिंदे ने नौ साल की एक मासूम को अगवा कर दुष्कर्म किया, फिर गला दबाकर हत्या कर दी। छात्रा दो दिन से लापता थी। शुक्रवार सुबह उसका शव घर से महज सौ मीटर दूर गन्ने के एक खेत में मिला। सनसनीखेज वारदात के बाद सीओ से लेकर एसएसपी मुनिराज जी तक गांव में पहुंचे। कप्तान ने विशारतगंज के अलावा आंवला और भमोरा पुलिस को भी छानबीन में लगा दिया है।
दो दिन पहले रहस्यमयी परिस्थिति में हुई थी लापता
विशारतगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक उत्तराखंड में मजदूरी करता है। यहां उसकी पत्नी, बेटा व बेटी के साथ रहती है। बेटी गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती है। बुधवार शाम पांच बजे से छात्रा रहस्यमयी परिस्थिति में लापता हो गई थी। कहीं पता न चलने की सूचना पर पिता भी घर आ गया। परिवार और गांव वाले तलाश में जुटे थे, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
निर्वस्त्र हालत में फेंक गया दरिंदा
सुबह अपने खेतों में जा रहे ग्रामीणों को बच्ची के घर से महज सौ मीटर दूर एक खेत में शव पड़ा मिला। निर्वस्त्र। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो परिजन भी पहुंच गए। सूचना पर विशारतगंज पुलिस गांव पहुंची। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल की जांच की। तब शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया।
दुष्कर्म के बाद गला दबाकर की हत्या
पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ कि छात्रा की हत्या गला दबाकर की गई। दुष्कर्म की भी पुष्टि हुई। शरीर पर खरोंच के निशान मिले हैं। शव भी करीब दो दिन पुराना है। आशंका है कि वारदात किसी परिचित ने ही की है। बालिका उसे पहचान गई हो तब भेद खुलने के डर से उसकी हत्या की गई।
संदिग्धों से पूछताछ जारी, जल्द खुलासा
हत्यारे के बार में पता किया जा रहा है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। - मुनिराज जी, एसएसपी