व्यापारियों के विरोध से डरा निगम, लौटाई जब्त पॉलीथिन
पॉलीथिन प्रतिबंध का सरकारी आदेश प्रधानमंत्री के दौरे से एन वक्त पर कुंद पड़ गया।
जागरण संवाददाता, बरेली : पॉलीथिन प्रतिबंध का सरकारी आदेश प्रधानमंत्री के दौरे से ऐन वक्त पर कुंद पड़ गया। गुरुवार को कुतुबखाना के पान दरीबा में नगर निगम की टीम ने करीब एक कुंतल पर पॉलीथिन पकड़ी। व्यापारियों ने विरोध करते हुए टीम को घेर लिया। इसके बाद नगर निगम पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन किया। अधिकारियों से तीखी बहस हुई। प्रशासनिक आदेश पर निगम को मजबूरन जब्त पॉलीथिन लौटानी पड़ी।
वजह साफ है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाहजहांपुर आ रहे हैं। प्रशासन और निगम व्यापारियों के विरोध का खतरा उठाना नहीं चाहता था। गुरुवार को टीम कुतुबखाना पहुंची। साप्ताहिक बंदी के कारण अधिकांश दुकानें बंद थीं। पॉलीथिन थोक की दो दुकानें खुली थीं। निगम की टीम ने यहां पैकिंग वाली करीब कुंतल भर पॉलीथिन पकड़ी। व्यापारी वर्ग को इसकी भनक लगी। धीरे-धीरे भीड़ जुटने लगी। व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध किया। बताया कि पैकिंग वाली पॉलीथिन कार्रवाई की जद से बाहर है। निगम ने 50 माइक्रोन से कम की पॉलीथिन बंदी का तर्क दिया। व्यापारियों ने नहीं सुनी। उनका घेराव किया। तय हुआ कि निगम चलकर फैसला होगा। टीम पॉलीथिन गाड़ी में भरकर निगम पहुंची। विरोध-प्रदर्शन करते हुए व्यापारी पहुंचें। अपर नगरायुक्त के पास दोनों पक्ष पहुंचे। व्यापारियों का विरोध यहां भी जारी रहा। अपर नगरायुक्त ने एडीएम से बात की। इसके बाद पॉलीथिन लौटा दी गई। इस तर्क के साथ कि पैकिंग वाली पॉलीथिन पर पंद्रह अगस्त तक मोहलत है। इसके बाद यह भी नहीं चलेगी।
तेज होगा अभियान दर्ज होगा मुकदमा
पॉलीथिन छापेमारी अभियान के प्रभारी जयपाल सिंह पटेल ने कहा कि अभियान कुंद नहीं होगा। बल्कि यह और तेज चलेगा। अब टीम पॉलीथिन जब्त करने के साथ मुकदमा भी दर्ज कराएगी। बहरहाल, नौ प्रतिष्ठानों पर छापेमारी में तीन हजार का जुर्माना डाला गया और छिटपुट पॉलीथिन जब्त की गई।