बरेली के फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर नई दरों से टैक्स वसूली शुरू, पहले दिन यात्रियों ने कर्मचारियों से की नोकझोंक
देश भर में टोल टैक्स बढ़ाए जाने के बाद फतेहगंज पश्चिमी के टोल प्लाजा पर भी लोगों से अधिक टैक्स वसूला गया। अचानक रेट बढ़ने से कई यात्री झल्ला गए। कई लोगों ने वाहनों को रोककर बहस शुरू कर दी।इससे अव्यवस्था का आलम बना रहा।
बरेली, जेएनएन। देश भर में टोल टैक्स बढ़ाए जाने के बाद फतेहगंज पश्चिमी के टोल प्लाजा पर भी लोगों से अधिक टैक्स वसूला गया। अचानक रेट बढ़ने से कई यात्री झल्ला गए। कई लोगों ने वाहनों को रोककर बहस शुरू कर दी।इससे अव्यवस्था का आलम बना रहा। दिल्ली नेशनल हाइवे पर फतेहगंज पश्चिमी स्थित टोल प्लाजा पर बुधवार आधी रात के बाद से ही नए रेट लागू कर दिए गए थे। पूरा सिस्टम रात को ही अपडेट कर दिया गया था। देर रात के बाद टोल प्लाजा से निकलने वाले वाहन चालकों की अधिक रुपये लेने को लेकर प्लाजा के कर्मचारियों से नोकझोंक हुई।
दातागंज निवासी अनेक पाल यादव एक दिन पहले ही मीरगंज अपनी ससुराल गए थे। कार में फास्टैग नहीं लगा होने के कारण उन्होंने दोगुना शुल्क 260 रुपये टोल प्लाजा पर भुगतान किया। गुरुवार को वह अपने घर लौट रहे थे। टोल प्लाजा पर कर्मचारी ने 270 रुपये मांगे तो वह झल्ला गए। उन्होंने बताया कि एक दिन में दस रुपये बढ़ा दिए। इस पर कर्मचारियों ने उन्हें रेट बढ़ने की जानकारी दी। तब वह शांत होकर चले गए। उन्होंने कहा कि जल्द कार पर फास्टैग लगवा लेंगे। अनेक पाल की तरह ही तमाम यात्रियों को अधिक टोल टैक्स चुकाने पर परेशानी हुई। इस कारण प्लाजा पर वाहनों को अधिक देर रुकना पड़ा। टोल प्लाजा के मैनेजर श्यामवीर यादव ने बताया कि करीब 93 फीसद वाहनों में फास्टैग लग चुके हैं। बाकी लोग भी जल्द फास्टैग लगवा रहे हैं।