प्रदूषण पर नगर निगम सख्त, कूड़ा जलाया तो देना पड़ेगा पांच हजार का जुर्माना
बारिश के बाद वातावरण में फैले प्रदूषण से कुछ राहत जरूर मिली है। इसे बनाए रखने के लिए नगर निगम भी सक्रिय हो गया है। शहर में कूड़ा जलाकर प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई का मन अधिकारियों ने बनाया है।
बरेली, जेएनएन। बारिश के बाद वातावरण में फैले प्रदूषण से कुछ राहत जरूर मिली है। इसे बनाए रखने के लिए नगर निगम भी सक्रिय हो गया है। शहर में कूड़ा जलाकर प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई का मन अधिकारियों ने बनाया है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेशों को सख्ती से लागू करने की तैयारी है। कूड़ा जलाने वालों पर तुरंत पांच हजार रुपये का जुर्माना ठोका जाएगा। अगर कोई सफाई कर्मचारी कूड़ा जलाएगा तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी।
एनजीटी ने कूड़ा जलाकर वायु प्रदूषण बढ़ाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शहर में बीते दिनों कूड़ा जलाने के कई वाकये प्रकाश में आए हैं। कैंट क्षेत्र में तो सफाई कर्मचारियों के कूड़ा जलाने का वीडियो खूब वायरल हुआ था। सर्दियों में कूड़ा जलाकर लोग तापते दिखाई देते हैं। कूड़ा जलाकर प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्ती की तैयारी नगर निगम ने कर ली है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को लगाया गया है। सभी वार्डों में सफाई निरीक्षकों और सफाई नायकों को जम्मेदारी दी गई है। यह अपने क्षेत्रों में सुबह से ही सक्रिय हो जाएंगे। रात तक वहां के लोगों से सूचनाएं इकट्ठी करेंगे। कूड़़ा जलाने वाले का फोटो या वीडियो भी बनवाएंगे। अगर कही कोई व्यक्ति कूड़ा जलाता पाया जाता है तो उसकी सूचना तुरंत अधिकारियों को दी जाएगी। तुरंत ही अधिकारी मौके पर पहुंचकर कूड़ा जलाने वाले से पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूल करेगा। इतना ही नहीं अगर कोई सफाई कर्मचारी कूड़ा जलाते पाया जाएगा तो उसके निलंबन तक की कार्रवाई अधिकारी करेंगे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ सख्ती की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को लगाया गया है।