बिथरी चैनपुर अविश्वास प्रस्ताव की बैठक आज
जागरण संवाददाता, बरेली : बिथरी चैनपुर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की बैठक शनिवार को
जागरण संवाददाता, बरेली : बिथरी चैनपुर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की बैठक शनिवार को ब्लॉक कार्यालय में होगी। सुबह साढ़े दस बजे से शुरू होने वाली बैठक और प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लायक सदस्य होने की स्थिति में चुनाव कराया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी राघवेंद्र विक्रम सिंह ने पीठासीन अधिकारी और अन्य कर्मियों की ड्यूटी लगा दी है। अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम विक्रम पीठासीन अधिकारी होंगे। इसके अलावा सुनील महेश्वरी, छवि गौड़, नरेंद्र पाल सिंह और इजहार अली की भी ड्यूटी लगा दी गई है। गौरतलब है कि बिथरी चैनपुर ब्लॉक से बसपा समर्थित देवेंद्र सिंह ब्लॉक प्रमुख हैं। उनके खिलाफ भाजपा समर्थित ब्लॉक सदस्य गौरव स्थानीय विधायक राजेश मिश्रा(पप्पू भरतौल) की मदद से अविश्वास प्रस्ताव लाने में जुटे हैं। अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पक्ष का दावा है कि ब्लॉक प्रमुख के खराब रवैये और भ्रष्टाचार में लिप्त होने के चलते 112 ब्लॉक सदस्यों में से जरूरी 57 से कहीं ज्यादा करीब सत्तर सदस्य उनके पक्ष में शपथ पत्र डीएम को सौंप चुके हैं। वहीं ब्लॉक प्रमुख देवेंद्र सिंह ने सदस्यों का उनके पक्ष में होने का दावा किया है। बिथरी चैनपुर ब्लॉक में अविश्वास प्रस्ताव की बैठक को लेकर स्थानीय पुलिस बल से भी सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश प्रशासन की ओर से दे दिए गए हैं।