नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना बोले, नगर निगम बनने में लगेंगे छह माह
शाहजहांपुर : नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का कहना है कि नगर पालिका परिषद को नगर निगम बनाने में कम से कम छह महीने लगेंगे।
बरेली (जेएनएन): नगर पालिका परिषद को नगर निगम बनाने में कम से कम छह महीने लगेंगे। इस बाबत प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उम्मीद है इस साल के अंत तक नगर निगम बन जाएगा। यह कहना है नगर विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का। बरेली मंडल के शाहजहांपुर जिले में मंगलवार को देरसायं कैबिनेट मंत्री ने फोन पर जागरण संवाददाता से बातचीत की।
शाहजहांपुर नगर पालिका परिषद को उत्तर प्रदेश का सत्रहवां नगर निगम बनाने की कवायद को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। खासकर सियासी हलकों में भी इसे लेकर चर्चाएं हो रही हैं। नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना से भी प्राय: इस मामले को लेकर लोग चर्चा कर रहे हैं। मंगलवार को देरसायं नगर विकास मंत्री ने फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि शाहजहांपुर नगर पालिका परिषद को नगर निगम बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लेकिन यह प्रक्रिया लंबी है। लिहाजा कम से कम छह महीने का समय लगेगा। हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द नगर निगम बन सके तो शाहजहांपुर शहर के विकास को और ज्यादा रफ्तार मिल सकेगी। बोले शाहजहांपुर के विकास को लेकर हमारी कथनी करनी एक है, जो कहा है उसे पूरा करेंगे। दोहराया कि एक बड़े नेता के क्षेत्र में जो विकास होता है, वह सब शाहजहांपुर में होगा। इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है। नगर विकास मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शाहजहांपुर आगमन के दौरान जो घोषणाएं की थीं, उन्हें साकार करने के लिए तेजी से प्रयास किये जा रहे हैं। टिकरी में राजकीय इंटर कालेज की स्थापना, शहीद उद्यान पार्क, पेयजल व्यवस्था, सीवर तथा बाईपास निर्माण आदि के लिए जल्द ही बजट आवंटित किया जाएगा। टिकरी में राजकीय इंटर कालेज की स्थापना के लिए भूमि का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।