मास तस्करों ने दबिश देने गई पुलिस टीम पर किया हमला
देहात के तमाम थाना क्षेत्रों में घरों के भीतर अवैध स्लाटर हाउस चल रहे हैं।
जेएनएन, बरेली : देहात के तमाम थाना क्षेत्रों में घरों के भीतर अवैध स्लाटर हाउस चल रहे हैं। पुलिस के आंखे मूंदने से मांस तस्करों के हौंसले इस कदर बढ़ गए कि खाकी पर ही हमलावर हो गए। सोमवार को नवाबगंज में एक अवैध स्लॉटर हाउस पर दबिश देने पहुंची पुलिस पर कसाइयों ने हमला कर दिया। जैसे-तैसे पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाया। शीशगढ़ में तो गोवंशीय पशु मांस और जीवित गोवंश तक बंधे मिले। पुलिस ने दोनों जगहों से आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
नवाबगंज के मुहल्ला इस्लाम नगर में पुलिस को एक घर में अवैध पशु कटान की सूचना मिली। चौकी प्रभारी ने टीम के साथ सूचना के आधार पर इरफान कुरैशी के घर पर दबिश दी। पांच-छह लोग कटान करते मिले। पुलिस के मुताबिक छापा पड़ते ही इरफान, रिजवान, इकबाल, फरमान, मुमताज, डंडिया निवासी सरताज, क्योलड़िया की नजमुल निशा और बगिया मुहल्ला के आरिफ आदि ने चाकू, छुरी से पुलिस पर ही हमला कर दिया। किसी तरह बच सके। ज्यादातर हमलावर भाग निकले। केवल सरताज, आरिफ, मुमताज ही हाथ आ सके। मौके से दो जोड़ी सींग, दो खाल, 20 किलो मांस, दो जीवित पशु, मांस काटने के औजार बरामद किए हैं। सोमवार को तीनों को जेल भेज दिया। अन्य की तलाश की जा रही है।
मदनापुर में पकड़ा अवैध स्लाटर हाउस, चार गिरफ्तार
शीशगढ़ के मदनापुर गांव में अवैध कटान की सूचना पर थाना प्रभारी रकम सिंह ने एसएसआइ नसीम खान को फोर्स के साथ भेजा। पुलिस के पहुंचते ही कटान करने वाले और तस्कर भागने लगे। इनमें महिलाएं तक थीं। मौके से चार तस्कर शरीफ अहमद, अनीस, नईम व शफीक को दबोच लिया। पांच महिलाओं समेत डेढ़ दर्जन लोग भाग गए। भीतर दो गोवंश कटे पड़े थे, जबकि तीन जीवित मिले। मौके से छह छुरी, तीन कुल्हाड़ी, दो रेती, तीन बाइक, तीन कुंतल मांस, खाल आदि बरामद की है। कुल 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखा है। गांव में काफी समय से कटान चल रही थी।
70 किलो गोमांस के साथ तस्कर गिरफ्तार
सेंथल चौकी प्रभारी हरिकेश सिंह ने सोमवार तड़के पांच बजे सिपाही प्रशांति, अति व योगेश के साथ मेला वाली पुलिया के पास बाइक से मांस ले जा रहे दो लोगों को दबोच लिया। पकड़े गए महमूद अली, राशिद के पास से 70 किलो गोमांस, खाली आदि बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि यह मांस टांडा सादात गांव में कटान कर सेंथल, लाड़पुर, उस्मानपुर में बेचा जाता है।