विदेश दौरे पर महापौर, विपक्ष ने चलाए तीर
शहर का ज्यादा हिस्सा बारिश में जलभराव से जूझ रहा है। सड़कें टूट चुकी हैं।
जागरण संवाददाता, बरेली : शहर का ज्यादा हिस्सा बारिश में जलभराव से जूझ रहा है। सड़कें टूट चुकी हैं। बाशिंदे गहरे गढ्डों में हलकान हो रहे हैं। इन हालात को देखते हुए कमिश्नर ने नगर निगम में अफसरों और कर्मचारियों की छुट्टियां एक माह के लिए निरस्त कर दी हैं। ऐसे में जब महापौर डॉ उमेश गौतम विदेश दौरे पर गए तो हल्ला मच गया। विपक्षी उनके विदेश दौर पर तीखी टिप्पणी कर रहे हैं। इस संबंध में जब महापौर से फोन पर संपर्क किया तो बात नहीं हो सकी। मौज-मस्ती में महापौर : डॉ. तोमर
पूर्व महापौर डॉ आइएस तौमर ने कहा कि जनता परेशान है और महापौर के विदेश दौरे पर हैं। वहां मौज-मस्ती कर रहे हैं। यह वक्त मौज-मस्ती का नहीं, जनता के बीच रहकर परेशानी का समाधान कराने का था। यही वजह है कि नगर निगम में अराजकता का माहौल है। कॉलोनियों से लेकर मुहल्लों तक में पानी भरा हुआ है। तत्काल समाधान भी नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि 2005 में महापौर रहते ऑफीशियल टूर पर गया था। जब अतिक्रमण को लेकर बवाल मचा तो दौरा बीच में ही छोड़कर लौट आया था। जनप्रतिनिधियों को दे देना चाहिए इस्तीफा
पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि रेजीडेंसी गॉर्डन की स्थिति देखकर अफसोस हुआ। जनप्रतिनिधियों को इस्तीफा दे देना चाहिए। जब सभी अफसरों और कर्मचारियों के अवकाश निरस्त हैं तो मेयर को भी 24 घंटे ऑफिस में बैठना चाहिए। लगातार कर्मचारियों के कार्य को मॉनिटर करना चाहिए। जनता ने आपको चुना है, तो यह आपकी जिम्मेदारी है। आप उनकी समस्या में हर समय उनके साथ खड़े रहें।