बिना शुल्क कूड़ा उठा रही एजेंसियों को हटाने पर भड़के महापौर Bareilly News
नगर निगम एक ओर स्वच्छता अभियान चला रहा है वही दूसरी ओर महापौर इस बात से परेशान हैैं कि शहर में सफाई व्यवस्था सुधर नहीं रही। व्यवस्था सुधारने को महापौर ने नगर आयुक्त को पत्र भेजा
जेएनएन, बरेली : नगर निगम एक ओर स्वच्छता अभियान चला रहा है, वही दूसरी ओर महापौर इस बात से परेशान हैैं कि शहर में सफाई व्यवस्था सुधर नहीं रही। व्यवस्था सुधारने को महापौर ने नगर आयुक्त को पत्र भेजा है। उन्होंने बिना शुल्क कूड़ा उठा रही एजेंसियों को हटाने, रात की सफाई बंद होने, स्मार्ट सिटी का काम धरातल पर नहीं उतरने समेत अन्य बातों पर नाराजगी जताई है।
महापौर डॉ. उमेश गौतम का कहना है कि रमन सिक्योरिटी व नवयुग चैरिटेबल वेलफेयर्स सोसायटी निगम से शुल्क लिए बिना शहर में डोर टू डोर कूड़ा प्रबंधन कर रही थीं। उन्हें बिना कारण अनावश्यक रूप से हटा दिया गया। उन्होंने अन्य फर्म से अनुबंध होने के बाद उन्हें हटाने को कहा। उन्होंने डोर टू डोर कूड़ा प्रबंधन को बजट का प्रस्ताव कार्यकारिणी में लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि एजेंसियों को नहीं हटाते तो स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में निगम उच्च स्तर पर आता।
उन्होंने बाजार में रात की सफाई आठ महीने से बंद होने की भी खिलाफत की। बोले, रात की सफाई से लोगों में अच्छा संदेश गया था। उन्होंने स्मार्ट सिटी की घोषणा के एक साल नौ माह बाद भी एक रुपये का काम नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने रात की सफाई के साथ ही पूरे शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने पत्र की काफी कमिश्नर व शासन को भी भेजा है।