यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 20, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'सड़कों पर उतरने को मजबूर ना करें', मुस्लिम उत्पीड़न पर IMC अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा की धमकी
मौलाना तौकीर रजा ने मुसलमानों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि हिंदू संगठन मुस्लिम लड़कियों पर टिप्पणी करते ...और पढ़ें

HighLights
- मौलाना तौकीर ने धमकाया, मुसलमानों को सड़कों पर उतरने को मजबूर न करें
- बरेली में आईएमसी अध्यक्ष ने कहा- हम देश को नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका नहीं बनने देना चाहते
- अपमानजनक धार्मिक टिप्पणी व मुस्लिम लड़कियों से अभद्रता करने वालों पर कार्रवाई की मांग
जागरण संवाददाता, बरेली। इत्तेहाद ए मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने मुसलमानों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए धमकी भरे शब्द भी कहे। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि हिंदू संगठन मुस्लिम बहन-बेटियों पर टिप्पणी करते हैं। हमारे धर्म के विरुद्ध अपमानजनक कमेंट किए जाते हैं। इस पर रोकथाम नहीं लग पा रही।
हमें सड़क पर उतरने को मजबूर न किया जाए। यदि मुसलमान सड़कों पर उतरा तो इसका जिम्मेदार कौन होगा, हालात क्या होंगे? हम अपने देश से मुहब्बत करते हैं, इसे नेपाल, बांग्लादेश या श्रीलंका नहीं बनने देना चाहते।
मौलाना ने बीते दिनों शाहजहांपुर में आपत्तिजनक टिप्पणी प्रकरण का संदर्भ देकर कहा कि ऐसे मामले बर्दाश्त नहीं करेंगे। निर्दोष लोगों पर मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। मतांतरण के नाम पर मुसलमानों पर एकतरफा कार्रवाई की जा रही। इससे इतर, मुस्लिम लड़कियों का मतांतरण कराने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। मुसलमानों का उत्पीड़न करने वाले लोगों पर एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। मौलाना ने कहा कि प्रदेश और केंद्र की सरकार हमारी सहनशीलता को कमजोरी ना समझे। मुसलमान किसी धर्म के बारे में गलत टिप्पणी नहीं करता, ऐसे में किसी अन्य धर्म के लोगों को भी हक नहीं कि हमारे लोगों पर टिप्पणी करें। आचार्य रामभद्राचार्य के बयान के संदर्भ में कहा कि उन्होंने जो सपने में देखा, वही कह रहे होंगे। इस्लाम में औरतों को सबसे ज्यादा आदर दिया जाता है।
