फिर से बंदी को लेकर बाजारों में उमड़ी भीड़, लोग भूले शारीरिक दूरी का पालन
दोबारा लॉकडाउन के एलान के चलते शुक्रवार सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रोस्टर के हिसाब दरकिनार कर मनमानी से दुकानें खोल ली गई।
बरेली, जेएनएन : सरकार की ओर से शुक्रवार रात दस बजे से दोबारा बाजार बंद किए जाने का एलान किया गया है। इसके चलते शुक्रवार को शहर के प्रमुख बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। बाजार में रोस्टर के हिसाब से दुकाने खुलनी है, लेकिन कुछ जगह बंदी को लेकर लोगोंं ने मनमानी करते हुए दुकानें खोली है। कुछ तो माल लोड-अनलोड करने के लिए खोल लिए हैं। बाजार में लोग शारीरिक दूरी का पालन भी करते नहीं दिखाई दिए। हालांकि लोग जरूरत का सामान भी खरीदते दिखाई दिए।
श्यामगंज, कुतुबखाना, बड़ा बाजार समेत शहर के प्रमुख बाजारों में शुक्रवार सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। रात दस बजे से दोबारा सब कुछ बंद रहेगा इसलिए लोग राशन पानी लेने के लिए बाजारों की ओर दौड़ पड़े। उधर, व्यापारियों ने इसे लेकर रोस्टर को दरकिनार कर मनमाने तरीके से दुकानें खोल ली। श्यामगंज में थोक व फुटकर की सभी दुकानें खुल गई। जबकि इन्हें रोस्टर के अनुसार खोला जाना था। बाजार में भीड़ बढ़ने के साथ ही शारीरिक दूरी के पालन का बिल्कुल भी ख्याल नहीं रखा गया। दुकानों के बाहर लोगों में सामान खरीदने को लेकर आपाधापी मची रही। सड़कों पर वाहनों के चलते जाम जैसे हालात बन गए।
रात दस बजे से सबकुछ रहेगा बंद
कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों ने एक बार फिर हालात खराब कर दिए। जिले में एक सप्ताह में करीब दो सौ नए केस सामने आ चुके हैं। इस बीच गुरुवार को प्रदेश सरकार ने सूबे में शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक कई गतिविधियों पर बंदिश लगा दीं। आवश्यक वस्तुओं, दवा आदि को छोड़कर रविवार तक सब बंद रहेगा। ऐसे में बेहद जरूरत की वस्तुएं आज ही खरीद लें। सरकार के निर्देश आने के बाद डीएम नितीश कुमार ने आदेश जारी कर दिए कि 10 जुलाई की रात 10 बजे से लेकर 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक बस, ऑटो, बाजार आदि पूरी तरह बंद रहेंगे। कार्यालय भी बंद होंगे।
डीएम नितीश कुमार ने बताया कि कोविड-19 की समीक्षा और संचारी रोगों जैसे इंसेफेलाइटिस, मलेरिया, डेंगू के संक्रमण को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है। रजिस्ट्री दफ्तर माह का दूसरा शनिवार और रविवार होने के चलते बंद रखा जाएगा। जबकि सोमवार को खुलेगा।
एडीएम सिटी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रेल यात्रियों के लिए बस के परिचालन को छोड़कर राज्य में यूपी रोडवेज की सेवाएं बंद रहेंगी। आदेश में कहा गया है कि 10, 11 और 12 जुलाई को सफाई और स्वच्छता के लिए वृहद अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित औद्योगिक कारखाने खुले रहेंगे। शहरी क्षेत्र में निरंतर चालू रहने वाले औद्योगिक कारखाने जैसे सीमेंट, खाद्य पदार्थ को छोड़कर सभी बंद रहेंगे।
डीएम नितीश कुमार ने बताया कि शासन से आदेश मिलने के बाद लॉकडाउन का पालन करने के लिए जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं। रविवार तक सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकानें ही खुलेंगी। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों को अपनी जिम्मेदारी को समझना होगा।