समधी वीरपाल सिंह यादव के साथ नहीं जाएंगे सपा के पूर्व विधायक महिपाल
समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक महिपाल सिंह और सेक्युलर मोर्चा में जा चुके वीरपाल सिंह यादव दानों ही आंवला में रहेंगे।
बरेली(जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक महिपाल सिंह और सेक्युलर मोर्चा में जा चुके वीरपाल सिंह यादव दोनों ही आंवला में रहेंगे। चूंकि, रिश्ते में दोनों समधी हैं। कयास यह लगाए जा रहे थे कि उनकी पार्टी भी एक रहेगी लेकिन महिपाल ने साफ कर दिया कि रिश्तेदारी अपनी जगह और पार्टी अपनी जगह। वह समाजवादी पार्टी में थे, हैं और रहेंगे।
दरअसल, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव के शिवपाल सिंह के समाजवादी सेक्युलर मोर्चा में जाने से सपा में इस्तीफों का दौर चल रहा है। वीरपाल सिंह के साथ उनके ज्यादातर पुराने साथी दलबदल कर चुके हैं। उनके छोटे भाई रामधुन यादव के समधी अशोक यादव भी सेक्युलर मोर्चे का हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में महिपाल सिंह को लेकर भी तमाम कयास लगाए जा रहे थे। इस संबंध में 'जागरण' ने मंगलवार को उनसे बात की तो साफ कह दिया अखिलेश यादव के साथ हूं और रहूंगा। लोग भ्रमित हो रहे हैं। उसके लिए बुधवार को आंवला में अपने खास लोगों की बैठक बुलाई है। सभी को समझाएंगे। बताएंगे सही और गलत क्या है? बाकी उनकी मर्जी। उन्होंने वीरपाल सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि किसी के जाने पर टिप्पणी भी नहीं करेंगे।
आज आंवला पहुंचेंगे वीरपाल
सपा छोड़कर समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का दामन थामने के बाद पहली बार पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव भी बुधवार को आंवला आएंगे। सर्मथकों ने स्वागत की तैयारियां की हैं। वह 11 बजे आंवला पहुंचेंगे।