Lockdown Weather : कम हुआ प्रदूषण, टूटा दस साल का रिकॉर्ड Bareilly News
प्रदूषण कम होने से आसमान पूरी तरह से नीला नजर आ रहा है। हवा साफ होने से धूप तीखी होने के बावजूद हवा में गर्मी का एहसास नहीं होता है।
बरेली, जेएनएन । अप्रैल महीने के शुरुआती दिनों में अमूमन तापमान 37-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता था। तापमान में यह चढ़ाव बीते दस वर्षों में एक जैसा चला आ रहा था। इस दफा लॉकडाउन के दौरान तापमान में बड़ा बदलाव दर्ज किया गया है। लॉकडाउन में प्रदूषण कम होने और वाहनों के सड़क पर कम चलने से अप्रैल के दिनों में तापमान में गिरावट नजर आई है। प्रदूषण कम होने से आसमान पूरी तरह से नीला नजर आ रहा है। हवा साफ होने से धूप तीखी होने के बावजूद हवा में गर्मी का एहसास नहीं होता है।
मौसम विभाग से जारी आंकड़ों के मुताबिक लॉकडाउन के इन पंद्रह दिनों में अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। जबकि न्यूनतम तापमान शनिवार को 19.1 डिग्री तक चढ़ा है। पिछले सप्ताह न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री के बीच चल रहा था। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस हफ्ते के अंत तक न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद हैं। जबकि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
गर्मी कम, बादल छाए रहते हैं...
पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह के मुताबिक प्रकृति पर प्रदूषण कम होने का बहुत असर पड़ता है। प्रदूषण कम होते ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अभी तक गर्मी कम होना, आसमान में बादलों का बना रहना और रात के तापमान में ठंड का एहसास होना बड़ा बदलाव है। आने वाले दो दिनों में शहर में हलकी बूंदाबांदी के भी आसार हैं। बादल छाए रहेंगे।