District Hospital Bareilly Live: हेल्प डेस्क पर लटका मिला ताला, जमीन पर दिव्यांग
शनिवार को जिला अस्पताल में पड़ताल के दौरान हेल्प डेस्क पर ताला लटका मिला। वहीं व्हीलचेयर न मिलने के चलते दिव्यांग वृद्धा लाइन में जमीन पर घिसटने को मजबूर थीं। सीएमएस डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि संबंधित कर्मचारी को नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा।
बरेली, जेएनएन: जिला अस्पताल में मरीजों की मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है लेकिन, स्टाफ की लापरवाही से लोग मदद से महरूम हैं। जिला अस्पताल में बनी हेल्प डेस्क पर ओपीडी के समय तक एक स्टाफ हमेशा रहने के आदेश हैं। लेकिन, अधिकारियों के आदेश कर्मचारियों के लिए कोई मायने नहीं रखते हैं। कर्मचारी अपनी मर्जी से गायब रहते हैं। हेल्पडेस्क इसलिए बनाई गई है कि मरीजों को डॉक्टर, जांच आदि की जानकारी मिल सके। इसके अलावा हेल्प डेस्क से ही दिव्यांग मरीजों को व्हील चेयर भी मिलती है। लेकिन सुबह से डेस्क पर ताला पड़ा होने की वजह से न ही दिव्यांगों को व्हील चेयर मिल सकी और न ही लोगों को जिला अस्पताल से जुड़ी जानकारी। शनिवार को जिला अस्पताल में पड़ताल के दौरान हेल्प डेस्क पर ताला लटका मिला। वहीं व्हीलचेयर न मिलने के चलते दिव्यांग वृद्धा लाइन में जमीन पर घिसटने को मजबूर थीं। इस बारे में जब सीएमएस डॉ. हर्षवर्धन से बात की गई तो उन्होंने बताया कि संबंधित कर्मचारी को नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा।
पांच पांच रुपए में बिक रहे मास्क
जिला अस्पताल परिसर में बिना मास्क प्रवेश वॢजत है। लेकिन फिर भी लोग लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं। जो लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं ओपीडी में उन्हेंं नहीं देखा जा रहा है। बावजूद इसके कई लोग बिना मास्क लगाए ही जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। ओपीडी से वापस लौटाए जाने पर मास्क खरीदना मरीजों के लिए आवश्यक हो जाता है। ऐसे में इस समय कुछ बेरोजगार पांच रुपये में साधारण मास्क भी बेच रहे हैं।