बढ़ता आतंक: रुहेलखंड में 900 से ज्यादा तेंदुए, अब बधियाकरण की तैयारी; केंद्र से मांगी अनुमति
रुहेलखंड में 900 से अधिक तेंदुओं के आतंक से निपटने के लिए वन विभाग ने केंद्र सरकार से उनके बधियाकरण ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
अभी तक महाराष्ट्र के सिर्फ दो तेंदुआ के बधियाकरण की मिल सकी है अनुमति
रेस्क्यू सेंटर पूरनपुर में बनकर तैयार, लेपर्ड सफारी पार्क का प्रस्ताव अभी लंबित
जागरण संवाददाता, बरेली। रुहेलखंड के आबादी क्षेत्रों तेंदुआ का आतंक बढ़ता जा रहा है। वन विभाग ने पूरनपुर में रेस्क्यू सेंटर तो बना लिया है, लेकिन इससे बात नहीं बन पा रही है। केंद्र सरकार से तेंदुआ का बधियाकरण कराने की अनुमति मांगी गई है। देश में अभी तक सिर्फ महाराष्ट्र को दो तेंदुआ के बधियाकरण की अनुमति दी गई है।
ऐसे में सैकड़ों तेंदुआ के बधियाकरण की अनुमति मिल पाना आसान नहीं दिख रहा है। अनुमति मिली तो बिजनौर से बधियाकरण की शुरूआत की जाएगी। पीलीभीत में लेपर्ड सफारी की परियोजना भी बनाई गई है, यह भी केंद्र सरकार स्तर पर लंबित है।
बरेली से लेकर पीलीभीत, बदायूं, मुरादाबाद और बिजनौर तक तेंदुआ खेतों में विचरण करते मिल जा रहे हैं। दो पहले क्योलड़िया क्षेत्र में देवहा नदी के किनारे के गांव में वन विभाग ने पिंजरा लगाकर तेंदुआ को रेस्क्यू किया था।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे शाजहांपुर में खुटार के जंगल में छोड़ दिया। रुहेलखंड में तेंदुआ की संख्या 900 से ज्यादा पहुंच जाने से समस्या बढ़ती जा रही है। बरेली और मुरादाबाद मंडलों के जिलों में इनकी संख्या 50 से 150 तक हो चुकी है।
जबकि बरेली रेंज का बिजनौर क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां इनकी संख्या 400 से अधिक है। तेंदुआ जानवरों का शिकार करने के अलावा किसानों पर भी हमलावर होने लगा है।
वन विभाग ने प्रदेश सरकार के माध्यम से प्रस्ताव भेजकर केंद्र सरकार से तेंदुआ के बधियाकरण की अनुमति मांगी है। बिजनौर में बधियाकरण की योजना तैयार की गई है, अनुमति मिल जाती है तो दूसरे जिलों के लिए भी प्रस्ताव बनाकर अनुमति ली जाएगी।
हालांकि यह इतना आसान नहीं है, क्योंकि केंद्र सरकार ने अब तक महाराष्ट्र में सिर्फ दो तेंदुआ के बधियाकरण की ही अनुमति दी है। मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार के माध्यम से भारत सरकार को तेंदुआ बधियाकरण का प्रस्ताव भेज अनुमति मांगी गई है।
उन्होंने बताया कि पूरनपुर में रेस्क्यू सेंटर तैयार कर लिया गया है। पीलीभीत में लेपर्ड सफारी का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है। लगातार पैरवी भी की जा रही है, उम्मीद है, जल्द स्वीकृति मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- 'बैटरी हो गई थी 0...' टीवी शो 'अनुपमा' के मशहूर एक्टर अचानक पहुंचे बरेली, बोली दिल छू लेने वाली बात
