विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेत में खाद डाल रहे किसान के सामने आ गया तेंदुआ, मची खलबली; अप्सरा नदी के गांवों में दहशत

Published: Sat, 22 Aug 2026 11:29 PM (IST)

क्योलड़िया क्षेत्र के चिठिया रहमत अली गांव में खेत में खाद डाल रहे किसान के सामने अचानक तेंदुआ आ गया, ...और पढ़ें

बरेली के क्योंलड़िया क्षेत्र में अप्सरा नदी किनारे के गांव में रात में काॅम्बिंग करते वन विभाग के अधिकारी और तेंदुए के बारे में जानकारी देता वीरपाल

बरेली के क्योंलड़िया क्षेत्र में अप्सरा नदी किनारे के गांव में रात में काॅम्बिंग करते वन विभाग के अधिकारी और तेंदुए के बारे में जानकारी देता वीरपाल

HighLights

  1. तीन दिन पहले महिला के सामने आया था तेंदुआ, अब किसान के सामने से गुजरा

  2. रुकुमपुर समेत कई गांवों में वन विभाग ने चलाया कांबिंग अभियान

संवाद सहयोगी, क्योलड़िया (बरेली)। क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। शुक्रवार को रुकुमपुर में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना के बाद शनिवार को चिठिया रहमत अली गांव में किसान के सामने तेंदुआ आने से खलबली मच गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीमों ने आसपास के गांवों में कांबिंग कर ग्रामीणों को सतर्क किया। रात में भी वन विभाग की टीमों ने सुरक्षा और सतर्कता अभियान चलाते हुए ग्रामीणों को सतर्क किया।

शुक्रवार को रुकुमपुर में ग्रामीणों ने तेंदुआ देखे जाने की सूचना वन विभाग को दी। इस दौरान किसी ग्रामीण ने खेत में बैठे तेंदुए का मोबाइल से फोटो भी लिया, जो वायरल हुआ तो आसपास के क्षेत्र में खलबली मच गई।

इस बीच रात में वन विभाग की टीमें रुकुमपुर, गुलड़िया लेखराज, चंदपुर ख्याली राम और चिठिया रहमत अली समेत आसपास के गांवों में पहुंचीं। टीमों ने कांबिंग के साथ ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी।

इधर शनिवार सुबह ललौर-गुदरानपुर मार्ग और दिन में दिनेश के गन्ने के खेत में भी तेंदुआ देखे जाने की सूचना वन विभाग को मिली। लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद वन रेंजर केके मिश्रा के नेतृत्व में टीमें अप्सरा नदी के आसपास के गांवों में पहुंचीं।

टीमों ने तेंदुए की गतिविधियों वाले संभावित स्थानों की निगरानी करते हुए उसकी मौजूदगी का पता लगाने का प्रयास किया। लेकिन शनिवार देर शाम बिजासन गांव निवासी वीरपाल चिठिया रहमत अली स्थित अपने खेत में खाद डाल रहे थे।

इसी दौरान गन्ने के खेत से तेंदुआ निकलकर उनके सामने से गुजरा तो अचानक तेंदुआ दिखाई देने पर वीरपाल घबरा गए और शोर मचाते हुए खेत से गांव की ओर भागे। सूचना मिलते ही आदित्य यादव, नन्नू, रवि यादव, राजीव यादव, उमेश, विजय, विवेक और झम्मन लाल समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने आसपास के लोगों को सतर्क किया और अकेले खेतों की ओर नहीं जाने की सलाह दी। लगातार अप्सरा नदी के आसपास के गांवों से तेंदुए की मौजूदगी की सूचनाएं मिलने के कारण वन विभाग के सामने उसकी सही लोकेशन तलाशना चुनौती बना हुआ है। अलग-अलग स्थानों से मिल रही सूचनाओं को देखते हुए वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी और कांबिंग कर रही हैं।

केके मिश्रा वन क्षेत्राधिकारी नबावगंज ने बताया कि ग्रामीणों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने के बजाय वन विभाग को सूचना देने की अपील की जा रही है। तेंदुए की सटीक लोकेशन नहीं मिल पा रही है। पिंजड़ा कैलाश नदी किनारे जगी डांडी गांव में लगाया है लेकिन अब अप्सरा नदी के गांवों से सूचनाएं मिल रही हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी में पहला कैनाल फ्रंट: ग्रेटर बरेली में 3.4 किमी लंबी नहर किनारे बनेगी 'न्यू बरेली', पर्यटन और रोजगार को लगेंगे पंख