पुलिस से कातिल भाई बोला- पत्नी की बात सुनकर खौल उठा खून कर दिया कत्ल
करीब एक सप्ताह पूर्व हुए परविंदर हत्याकांड का खुलासा हो गया है। उसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि सगे भाई ने की थी। आरोप है कि उसने नहाते समय अपनी भाभी का वीडियो बना लिया था जिसके बाद अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था।
पीलीभीत, जेएनएन। करीब एक सप्ताह पूर्व हुए परविंदर हत्याकांड का खुलासा हो गया है। उसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि सगे भाई ने की थी। आरोप है कि उसने नहाते समय अपनी भाभी का वीडियो बना लिया था, जिसके बाद अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। क्षेत्र के कटौली गांव निवासी परविंदर सिंह की 17 सितंबर की रात छत पर सोते समय मच्छरदानी के अंदर ही गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। बांका घर से कुछ दूर बरामद हुआ था, लेकिन घटना के बाद परिजन चुप्पी साधे हुए थे।
पुलिस ने जब अन्य ग्रामीणों से जानकारी जुटाई तो पता चला कि परविंदर की किसी से रंजिश भी नहीं थी। ऐसे में पुलिस का शक उसके बड़े भाई मुखविंदर सिंह पर पहुंचा। उसे हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो उसने खुद ही हत्या करने की बात को कबूल कर ली। बताया कि घटना से चार-पांच दिन पहले पत्नी मायके गई थी। 17 सितंबर को वापस लाते समय रास्ते में उसने बताया कि परविंदर उस पर गलत नजर रखता है। नहाते समय वीडियो भी बना लिया था। अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा है।
छोटे भाई की इस करतूत पर मुखविंदर आपा खो बैठा। रात करीब 12 बजे उसका मुंह दबाकर बांके से गला रेत दिया। इसके बाद वापस कमरे में जाकर सो गया। रात करीब दो बजे जब दादी रामबेटी जब पंखा लेने के लिए परविंदर के पास पहुंची तो उसकी मौत का पता चला। मुखबिंदर ने स्वयं ही पुलिस को घटना की सूचना दी थी। वह पूरी तरह सामान्य बने रहने की कोशिश कर रहा था। खास बात यह कि पत्नी को भी इस बारे में नहीं बताया। खुलासा होने के बाद परिवार के लोग हैरान हैं।
परिवंदर का मोबाइल पुलिस के पास है। मुखविंदर के कबूलनामे के बाद पुलिस के लिए वीडियो हासिल करना सबसे अहम है। हालांकि मोबाइल में पैटर्न लॉक है। इसलिए एक्सपर्ट की मदद से प्रयास किया जा रहा है कि डाटा सुरक्षित रहे।
घटना स्थल की परिस्थितियां देख उसी दिन शक हो गया था कि परिवार के ही किसी सदस्य ने हत्या की है। मुखबिंदर से जब पूछताछ शुरु हुई तो पहले गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन बाद में सब कबूल कर लिया। जगनारायण पांडेय, प्रभारी निरीक्षक