'अधिकारी से बात हो गई है...' बरेली में गुलाटी गैंग के गुर्गों ने वीडियो में लिया DIG-एसपी सिटी का नाम, दो गिरफ्तार
कन्हैया गुलाटी के गिरोह के दो गुर्गों विशाल शर्मा और विनय श्रीवास्तव को एक ऑनलाइन मीटिंग का वीडियो सामने आने के बाद गिरफ्तार किया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
कन्हैया गुलाटी गैंग के दो गुर्गे वीडियो वायरल होने पर गिरफ्तार।
गुर्गों ने ऑनलाइन मीटिंग में डीआईजी-एसपी सिटी से संबंध का दावा किया।
पुलिस अधिकारियों ने दावों को खारिज किया, जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, बरेली। इंटरनेट मीडिया पर रविवार को कन्हैया गुलाटी के साथ ऑनलाइन मीटिंग करते हुए उसके गुर्गों का वीडियो प्रसारित हुआ। मीटिंग में कन्हैया गुलाटी समेत 44 लोग जुड़े हुए हैं जो उसके गैंग के कोर सदस्यों में गिने जाते हैं।
वीडियो में गुलाटी के गुर्गे दावा कर रहे हैं कि उनकी बात डीआईजी अजय साहनी और एसपी सिटी मानुष पारीक से हो गई है। किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं होगी। बस उन्हें बरेली नहीं भेजना हैं। वीडियो जून का बताया जा रहा है। इस वीडियो के प्रसारित होने के बाद अधिकारियों में खलबली मची और 24 घंटे के भीतर ही गैंग के दो गुर्गों इज्जतनगर के आलोक नगर निवासी विशाल शर्मा और गोरखपुर के कौआ बाग रेलवे कॉलोनी निवासी विनय श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया।
हैरत इस बात की है कि दोनों आरोपित गुलाटी के साथ मुकदमों में एक साल से वांछित हैं लेकिन उन्हें अब तक पकड़ा नहीं गया। वीडियो प्रसारित होते ही इनकी गिरफ्तारी हो गई।
कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी ने लोगों को अपनी कंपनी में इंवेस्ट करने के नाम पर मोटा मुनाफा होने का झांसा दिया। आरोपित ने कहा कि जो भी लोग उनकी कंपनी में रुपया इंवेस्ट करेंगे उन्हें वह उसका पांच प्रतिशत हर माह ब्याज के तौर पर 20 माह तक दिया जाएगा।
22 माह बाद रकम को दोगुणा करके वापस करेंगे। झांसा दिया कि यदि कोई अपनी रकम वापस नहीं लेना चाहता तो वह उसके एवज में जमीन भी खरीद सकता है। झांसे में आए हजारों लोगों ने अपने रुपये कंपनी में इंवेस्ट किए। गुलाटी की इस ठगी में उसके तमाम गुर्गे भी एक्टिव थे जो लोगों को लुभाने का काम करते थे।
आरोपित करीब 800 करोड़ रुपये की ठगी कर फरार हो गया। जब लोगों को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने 2025 में मुकदमे लिखवाना शुरू किए। बरेली में अब तक उसके विरुद्ध 93 मुकदमे दर्ज किए गए जबकि अन्य जनपदों में पांच मुकदमे दर्ज हुए।
अब तक गुलाटी और उसके गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध 98 मुकदमे लिखे जा चुके हैं मगर वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया। मुकदमे लिखे जाने के बाद गुलाटी और उसके सभी गुर्गें अंडरग्राउंड हो गए मगर वह सभी आपस में संपर्क में हैं। रविवार को कन्हैया गुलाटी और उसके गुर्गों के बीच आनलाइन मीटिंग का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसके बाद पुलिस ने विनय और विशाल दोनों गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया है।
गुर्गे ने कहा, एसपी सिटी ने वहां के एसपी से कहा ये फंस जाएंगे
प्रसारित वीडियो में एक गुर्गा दावा कर रहा है कि डीआईजी से उनकी 15 मिनट बात हुई है। एसपी सिटी ने भी वहां (जहां से गुर्गा बात कर रहा था) के एसपी से बात की है। कहा है कि इन्हें बरेली नहीं भेजें यह यहां आएंगे तो फंस जाएंगे। वीडियो प्रसारित होने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अभी तक आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं
गोरखपुर में रेलवे में तैनात हैं विनय
विनय गोरखपुर में रेलवे में तैनात हैं और वर्तमान में वहीं पर रह रहा है जबकि, विशाल इज्जनगर निवासी है। वीडियो प्रसारित होने के बाद 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की गिरफ्तारी बरेली के फतेहगंज पश्चिमी से बताई गई है। जबकि, चर्चा है कि बरेली से गोरखपुर की दूरी करीब 600 किलोमीटर है और आने-जाने में भी करीब आठ से नौ घंटे का सफर होता है।
वीडियो में नाम लेने वाले आरोपित विनय और विशाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे नाम लेने के वजह पूछी तो उन्होंने बताया कि जब मैंने बरेली में ज्वाइन किया उस वक्त दोनों ने मेरा नाम काफी सुना था। इसलिए गुलाटी से अपने फंसे हुए रुपये निकलवाने के लिए नाम का इस्तेमाल किया। हालांकि, दोनों से न तो मेरी कभी मुलाकात हुई है और न ही कभी फोन पर बात हुई है।- अजय साहनी डीआईजी बरेली रेंज
इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था उसकी सत्यता की जांच करते हुए साइबर सर्विलांस टीम की मदद से दोनों आरोपितों को फतेहगंज पश्चिमी से गिरफ्तार किया गया। यह गुलाटी के मुकदमों में नामजद होने के साथ ही अन्य मुकदमों में भी वांछित हैं।- अनुराग आर्य, एसएसपी।
नाम तो कोई भी किसी का ले सकता है। यह आपराधिक किस्म के लोग हैं पता नहीं इन्होंने क्यों नाम लिया। दोनों से न तो कभी कोई बात हुई है न ही इन्हें जानते हैं। अब दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।- मानुष पारीक, एसपी सिटी।
