विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाठग कन्हैया गुलाटी पर 84 लाख की ठगी का नया मामला, 13 आरोपितों पर FIR दर्ज

Published: Sun, 23 Aug 2026 06:42 PM (GMT+05:30)

कैनविज कंपनी के सीएमडी कन्हैया गुलाटी और 12 अन्य पर बरेली में 84 लाख रुपये की ठगी का नया मामला दर्ज हुआ है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कन्हैया गुलाटी और 12 अन्य पर ठगी का मामला।

  2. बरेली में आठ पीड़ितों से 84 लाख रुपये ठगे।

  3. 70 से अधिक FIR के बावजूद गुलाटी गिरफ्तार नहीं।

जागरण संवाददाता, बरेली। कैन्विज कंपनी के सीएमडी कन्हैया गुलाटी, उसके साथियों और एजेंटों ने मिलकर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिए। आठ और पीड़ितों ने लगभग 84 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है।

एसएसपी और एसपी ट्रैफिक के पास पहुंचीं इन आठ पीड़ितों की शिकायतों पर बारादरी थाना पुलिस ने 13 आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कन्हैया गुलाटी पर अब तक 70 से अधिक प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं और एसआइटी भी बनी, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पुलिस ने कन्हैया गुलाटी, जगतपाल मौर्य, हरेंद्र प्रकाश पटेल, मोहनपुर उर्फ रामनगर के प्रधान बादाम सिंह, नरेश पटेल, शिक्षा मित्र सोमपाल पटेल, अंशुल मौर्य, हरपाल पटेल, ओमप्रकाश मौर्य, प्रमोद सिंह परिहार, योगेंद्र गंगवार, यतेंद्र गंगवार समेत पुलिस ने एक अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है।

यह है पूरा मामला

पीड़ित हरुनगला निवासी विनोद का आरोप है कि मोहनपुर उर्फ रामनगर के प्रधान बादाम सिंह ने जगतपाल मौर्य, हरेन्द्र प्रकाश पटेल, कन्हैया गुलाटी से मुलाकात कराई।

कंपनी का प्लान समझाते हुए कहा कि कंपनी में एक लाख रुपये लगाने पर 22 महीने तक प्रत्येक महीने पांच प्रतिशत लाभ मिलेगा और 24 वें महीने में मूलधन वापस कर दिया जाएगा।

उन्होंने झांसे में आकर अपने खाते से पांच लाख, मां विमला देवी के खाते से 10 लाख, बहन आरती के खाते से छह लाख रुपये सहित 22 लाख रुपये निवेश कर दिए।

कुछ महीने तक लाभ के रुपये आए लेकिन फरवरी 2025 में बंद कर दिए। जब इस बारे में पूछा तो आरोपितों ने धौंस जमाते हुए कहा कि थाना पुलिस हमारी जेब में है, तुम हमारा कुछ नहीं कर पाओगे, तुम पर ही झूठे मुकदमे लिखवाकर जेल भिजवा देंगे।

इसी तरह से सुनीता से एक लाख रुपये, रामलली से 15 लाख रुपये, लता देवी से पांच लाख, सपना, उनके पिता और ससुर से 19.40 लाख रुपये, ऊषा गुप्ता से दो लाख रुपये, सूबेदार से 4.50 लाख रुपये, उमेश शंखधार से 6.50 लाख रुपये, अंकित पटेल से 15 लाख रुपये ठग लिए। किसी ने जेवर गिरवी रखे तो किसी ने किसी तरह से पैसों का इंतजाम किया था।

नवाबगंज में भी कन्हैया गुलाटी समेत चार पर प्राथमिकी

नवाबगंज कस्बा के मुहल्ला आदर्श नगर निवासी सुरजीत कुमार रस्तोगी का आरोप है कि बरेली के आशुतोष सिटी निवासी यतेन्द्र कुमार अक्सर उनके पास आता था। यतेन्द्र ने उसे कैनविज कंपनी में रुपये लगाने पर हर माह पांच प्रतिशत लाभ मिलने का भरोसा दिलाया।

मुनाफे के लालच में सुरजीत ने अपना मकान गिरवी रखकर यतेन्द्र कुमार और योगेन्द्र कुमार के माध्यम से कंपनी में तीन लाख रुपये लगा दिए। आरोप है कि अप्रैल 2025 के बाद कंपनी का कार्यालय अचानक बंद हो गया।

रुपये मांगने के लिए आरोपितों के घर पहुंचा तो उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। एसएसपी के आदेश पर थाना नवाबगंज पुलिस ने कैनविज कंपनी के संचालक कन्हैया गुलाटी, यतेन्द्र कुमार, योगेन्द्र कुमार और प्रमोद परिहार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।