इंद्रा नगर का नाला पड़ा चोक, बजबजा रही गंदगी
नगर निगम शहर में नालों की सफाई करवा तो रहा है लेकिन मौके पर नालों में भीषण गंदगी भरी दिखाई दे रही है।
जागरण संवाददाता, बरेली : नगर निगम शहर में नालों की सफाई करवा तो रहा है लेकिन मौके पर नालों में भीषण गंदगी भरी दिखाई दे रही है। सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति ही की जा रही है। इसका असर मानसून की बारिश में दिखाई देगा। प्री मानसून में शहर लगभग पानी में डूब गया था। नालों की ठीक से सफाई नहीं हुई तो मानसून की बारिश अफरा-तफरी मचाने वाली होगी। दैनिक जागरण की टीम ने मंगलवार को इंद्रा नगर का नाला देखा। नाले में भीषण गंदगी पाई गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि अब तक नाले की सफाई नहीं हुई है।
सड़क पर बनेगा जलभराव का कारण
आइवीआरआइ रोड से इंद्रानगर की ओर सड़क उतर रही है। इस पर किनारे से दोनों ओर नाला बना हुआ है। नाला सड़क के एकदम बराबर से है। नाला आगे मंदिर के पास से राजेंद्र नगर की ओर मुड़ रहा है। यह नाला सड़क के एकदम बराबर में होने के कारण पानी सड़क पर भरने का खतरा बना हुआ है। नाले में गंदगी के कारण पानी ऊपर तक आ गया है। बारिश होने पर पानी सड़क पर भरेगा।
गंदगी के कारण नाले में बढ़ा पानी
नाले में कई जगह पर गंदगी और अतिक्रमण भरा हुआ है। लोगों के स्लैब नाले के ऊपर हैं। नाला सफाई नहीं होने के कारण सिल्ट ऊपर तक दिखाई दे रही है। आलम यह है कि नाले का पानी ऊपर तक आ गया है। इससे वहां गंदगी के साथ ही तीव्र दुर्गध का भी वातावरण बना रहता है। लोगों से बातचीत
- नगर निगम की टीम हर बार आती है। इस बार अब तक नाले की सफाई नहीं की गई है। इससे बरसात में पानी भरने की आशंका है।
संजीव
- नाले की तली झाड़ सफाई से ही काम चलेगा। तभी पानी नीचे तक होगा। वर्षो से सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति ही हो रही है।
¨रकू
- हर बार यही होता है नाले की सफाई समय से नहीं कराई जाती है, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है। जलभराव की आशंका है।
अजीत
- नाले में गंदगी की शिकायत कई बार नगर निगम में बताई जाती हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होता है। बारिश में नाला जलभराव करेगा।
जितेंद्र वर्जन
नाले की सफाई का अभियान चल रहा है। जल्द ही इंद्रा नगर के नाले की भी सफाई कराई जाएगी।
डा. अशोक कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी