Move to Jagran APP

बड़ी से दुष्कर्म के मामले में जमानत पर छूटे आरोपित ने छाेटी बहन से किया दुराचार Bareilly News

दुष्कर्म के मामले में जमानत पर छूटे आरोपित ने जेल से निकलने के आठ दिन के अंदर एक और वारदात को अंजाम दे दिया। सो रही किशोरी के घर में घुसा और तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया।

By Abhishek PandeyEdited By: Published: Thu, 19 Dec 2019 08:54 AM (IST)Updated: Thu, 19 Dec 2019 05:53 PM (IST)
बड़ी से दुष्कर्म के मामले में जमानत पर छूटे आरोपित ने छाेटी बहन से किया दुराचार Bareilly News
बड़ी से दुष्कर्म के मामले में जमानत पर छूटे आरोपित ने छाेटी बहन से किया दुराचार Bareilly News

जेएनएन, बरेली : दुष्कर्म के मामले में जमानत पर छूटे आरोपित ने जेल से निकलने के आठ दिन के अंदर एक और वारदात को अंजाम दे दिया। सो रही किशोरी के घर में घुसा और तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। सात साल पहले वह किशोरी की बड़ी बहन से भी ऐसी हैवानियत कर चुका था। पूरे प्रकरण में पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे। पीडि़त किशोरी शिकायत करने पहुंची तो थाना पुलिस दिनभर टकराती रही। देर शाम मुकदमा दर्ज किया।

loksabha election banner

घर में घुसकर तमंचे के बल पर किया किशोरी के साथ दुराचार 

थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती अपने दो भाइयों के साथ रहती है। मंगलवार को बड़ा भाई गांव से बाहर गया था। छोटा भाई घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में सो रहा था। आरोप है कि उसी समय सोनू उर्फ सुदेश पुत्र मुनेंद्र दीवार फांदकर घर के अंदर घुस आया। कमरे में सो रहे किशोरी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। फिर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी, दुष्कर्म किया। आरोपित वहां से चला गया तब किशोरी ने शोर कर भाई व अन्य गांव वालों को बुलाया।

दिन भर टरकाती रही पुलिस, आक्राेश देख किया मामला दर्ज 

बुधवार सुबह होते ही भाई व अन्य परिजनों बिशारतगंज थाने पहुंचे और तहरीर दी। थाना पुलिस ने जांच की बात कहकर पीडि़त पक्ष को वहां से टरका दिया। गांव में घटना के प्रति आक्रोश पनपने लगा तब देर शाम मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष बिसारतगंज राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दुष्कर्म, पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित की तलाश की जा रही।

बड़ी बहन से दुष्कर्म के बाद मां, पिता ने कर ली थी आत्महत्या

सोनू इससे पहले भी दुस्साहस करता रहा। सात साल पहले उसने किशोरी की बड़ी बहन से दुष्कर्म किया था। उस वक्त भी वह जेल भेजा गया मगर घटना से आहत युवती के मां, पिता कई दिन घर से बाहर नहीं निकले थे। कुछ दिन बाद दोनों की जहर खाने से मौत हो गई थी। तब कहा गया था कि बेटी से दुष्कर्म के बाद वे अवसाद में थे। लोकलाज के कारण उन्होंने जहर खाकर जान दे दी। दूसरी ओर पीडि़ता घुटकर जी रही थी। मां-पिता का साया सिर से उठ गया था। तब कुछ रिश्तेदारों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उसकी शादी एक गांव में कर दी। किसी तरह युवती का परिवार बसा मगर अब उसकी छोटी बहन के साथ उसी तरह की दुस्साहसिक वारदत को अंजाम दे दिया गया।

दस महीने पहले भी की थी ऐसी ही घटना, ग्रामीणों में आक्रोश

सात साल पहले दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका सोनू जेल से बाहर निकला मगर सुधरा नहीं। दस महीने पहले उसने ऐसी ही एक और घटना को अंजाम दे दिया था। उस वक्त भी मुकदमा दर्ज हुआ, उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। आठ दिन पहले वह छूटकर आया तो मंगलवार को वारदात कर दी। बार-बार दुष्कर्म की घटना करने वाले सोनू को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। मंगलवार की घटना के बाद वह फरार है। ग्रामीणों ने दो टूक कह दिया कि अब उसे गांव में नहीं घुसने देंगे। दिखा तो पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर देंगे। जमानत पर छूटकर आया तो यहां रहने नहीं देंगे।

पीडि़ता के भाई की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है।

- शैलेश पांडेय, एसएसपी 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.