बदायूं में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कराया बीस हजार में समझौता Badaun News
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपितों से ही समझौता करा दिया। किशोरी की आबरू की कीमत बीस हजार लगवाई और समझौते के बाद रकम भी हड़प ली
बदायूं, जेएनएन : फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपितों से ही समझौता करा दिया। किशोरी की आबरू की कीमत बीस हजार लगवाई और समझौते के बाद रकम भी हड़प लिया। उधर, थानाध्यक्ष फैजगंज घटना की जानकारी होने से ही इन्कार कर रहे हैं।
आरोप है कि बीती 11 मार्च को किशोरी शाम को खेत पर चारा लेने जा रही थी। इसी बीच गांव के चार युवक उसे दबोचकर खेत में ले गए और दुष्कर्म किया। पीड़िता के बेहोश होने पर आरोपित भाग गए। होश में पर पीड़िता ने परिजनों को घटना बताई। परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने तहरीर लेकर वापस भेज दिया। पीड़िता मां के साथ चार दिन तक पुलिस के चक्कर काटती रही, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
पुलिस ने इस बीच आरोपितों को पकड़ा लेकिन, छोड़ दिया। रविवार को मामला चर्चा में आ गया। पुलिस ने एक नेता के जरिए दोनों पक्षों को चौकी में बुलवाया और समझौता करा दिया।सोमवार को पीड़िता की मां ने बताया कि रविवार को उसे चौकी पर बुलाकर कहा कि समझौता कर लो, बीस हजार दिला देंगे।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र से दुष्कर्म मामले की कोई जानकारी नहीं आई है। थानाध्यक्ष को पीड़िता के गांव जाने को कहा गया है। अगर पीड़ित परिवार की शिकायत आती है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. एसपी सिंह, पुलिस अधीक्षक, देहात, बदायूं
अभी तक इस तरह की कोई घटना क्षेत्र में प्रकाश में नहीं आई है। इस संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है। मामले को लेकर पड़ताल कराई जा चुकी है। -चेतराम वर्मा, एसएचओ फैजगंज बेहटा, बदायूं