जागरण प्रश्न पहर : जाड़ा, गर्मी, पसीना के लक्षण मिलें तो हों सतर्क Bareilly News
अगर बुखार के साथ जाड़ा गर्मी और पसीना निकलने लगे तो सतर्क हो जाएं। ये लक्षण मलेरिया या फिर अन्य बीमारियों के हो सकते हैं।
बरेली, जेएनएन : मौसम बदल रहा है, हवा में नमी की मात्र अधिक है। वातावरण की यह स्थितियां तमाम संक्रामक रोगों को पनपने के लिए मुफीद हैं। ऐसे में सभी को अपने स्वास्थ्य पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। बुखार को भी हल्के में नहीं लें। अगर बुखार के साथ जाड़ा, गर्मी और पसीना निकलने लगे तो सतर्क हो जाएं। ये लक्षण मलेरिया या फिर अन्य बीमारियों के हो सकते हैं। तुरंत सरकारी अस्पताल में जाकर जांच कराकर दवा लें। झोलाछाप के चक्कर में हरगिज न पड़ें। बुधवार को जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में पहुंचे एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने लोगों को स्वस्थ्य रहने और बीमारियों से बचने के टिप्स दिए।
प्रश्न : शरीर और सिर में दर्द है, सुस्ती भी बहुत आ रही है। - अफसर रजा, ठिरिया निजावत खां
उत्तर : अगर बुखार के साथ जाड़ा भी लग रहा है तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं। वहां जांच के बाद दवा मिल जाएगी। बाजार से बिना पूछे दवा नहीं लें। जाड़ा, गर्मी और पसीना आना मलेरिया का लक्षण हो सकता है।
प्रश्न : हेल्मेट यूजर हूं। माथे पर फुंसी निकल आई है। खुजली लग रही है। - डॉ. रमेश केसरी, महानगर
उत्तर : हेल्मेट लगातार लगाने से पसीना निकलता है, जिस कारण फंगल इंफेक्शन हो सकता है। हेल्मेट से पहले सिर पर सूखा, साफ रुमाल पहना करें।
प्रश्न : मुहल्ले में कई झोलाछाप बैठे हैं, जो कभी भी बड़ी घटना का कारण बन सकते हैं। - मुईन कुरैशी, आजमनगर
उत्तर : आप उनके बारे में लिखित शिकायत करें, कार्रवाई होगी।
प्रश्न : गांव में हेल्थ सेंटर है, लेकिन शुगर की जांच किट नहीं है, बुखार व खुजली की दवा भी कम आती है। इस कारण लोगों को 12 किमी दूर अस्पताल जाना पड़ता है। - मुफ्तर अली, परोर, नवाबगंज
उत्तर : आपकी समस्या लिख ली है। चिकित्साधिकारी से बात करके दवाओं की मात्र बढ़ा दी जाएगी।
प्रश्न : मौसम बदल रहा है, तीन दिन से परिवार में सबको जुकाम-खांसी है। कैसे बचें। - इमरान अंसारी, बरेली कालेज बरेली
उत्तर : बदलते मौसम में सावधानी बरतनी होगी। शरीर के तापमान को बनाए रखें। नहाकर तुरंत पंखे या एसी के सामने नहीं बैठे, रात में सिर ढंककर सोएं।
प्रश्न : मलेरिया से कैसे बचा जा सकता है। - दिलीप रस्तोगी, करमपुर चौधरी
उत्तर : मलेरिया से बचने के लिए मच्छरों को आसपास पनपने नहीं दें। बुखार आने पर तुरंत जांच करवाएं और दवा का पूरा कोर्स करें।
प्रश्न : कमर के नीचे लाल दाग से बन गए हैं। खुजली बहुत होती है। - केशव अग्रवाल, फरीदपुर
उत्तर : फंगल इंफेक्शन लग रहा है, तुरंत स्वास्थ्य केंद्र जाकर डॉक्टर को दिखाएं और दवा लें।
प्रश्न : पीठ पर लाल दाग सा बना है, जो चिकना लगता है। क्या हो सकता है। - मुशाहिद खान, मवई काजियान, शेरगढ़
उत्तर : सरकारी अस्पताल जाकर दाग की सेंसीविटी चेक करवा लें।
प्रश्न : पिछले 15 दिनों से दोपहर के बाद बुखार आ रहा है। भूख भी नहीं लग रही और वजन कम हो रहा है। - संजीव कश्यप, बंशी नगला
उत्तर : आप तुरंत अस्पताल जाकर छाती का एक्स-रे करवाएं। यह टीबी के लक्षण लग रहे हैं।
प्रश्न : मेरा 17 साल का बेटा है, उसे हेपीटाइटिस के टीके नहीं लगे हैं। क्या यह टीका कभी भी लगा सकते हैं। -
माला, साहूकारा
उत्तर : यह टीका कभी भी लगाया जा सकता है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप