बच्चे के लिये पति ने ली 'किराए की कोख' तो नाराज पत्नी पहुंची पुलिस की चौखट
शादी के कई साल बाद बीवी मां नहीं बनी तो पति ने उससे दूरी बना ली। किसी दूसरी महिला का पल्लू थाम लिया है। सिर्फ इसलिए ताकि वह पिता बन जाए।
बरेली (जेएनएन)। फिल्मी पर्दे पर सेरोगेसी यानी किराए की कोख की कहानियों को खूब परोसा गया। असल जिंदगी में बॉलीवुड के कई सितारों समेत माता-पिता नहीं बन पा रहे तमाम दंपती गवाह हैं। शाहरुख की तीसरी संतान अबराम हों या करन जौहर के जुड़वां बच्चे, या अभिनेता तुषार कपूर के सिंगल पिता बनने की मिसाल..।
सहमति से किराए की कोख का सिलसिला खूब बढ़-चढ़ रहा है लेकिन, अपने शहर के सरकारी मुलाजिम दंपती के रिश्तों में यह मुद्दा तूफान बन गया है। शादी के कई साल बाद बीवी मां नहीं बनी तो पति ने उससे दूरी बना ली। किसी दूसरी महिला का पल्लू थाम लिया है। सिर्फ इसलिए ताकि वह पिता बन जाए।
टेस्ट ट्यूब तकनीक से वह बच्चे को जन्म देना चाहता है लेकिन, बीवी विरोध पर अमादा है। यह कहते हुए कि उसके साथ नाइंसाफी है। घर में शिकायत नहीं सुनी गई तो गुहार लेकर बुधवार को अफसरों तक पहुंच गई। मामला सुन अधिकारी भी चकरा गए कि इसमें क्या किया जाए। किस कानून के तहत पुरुष को रोका जाए, इस पर फिलहाल मंथन चल रहा है।
महिला विकास भवन में कर्मचारी है। जबकि पति उर्दू अनुवादक है। शादी के काफी साल बाद तक बच्चा नहीं हुई। इस पर उन्होंने पांच साल पहले एक लड़की को गोद ले लिया। महिला का कहना है कि इसके बावजूद कुछ समय से पति ने जलालाबाद की एक महिला को रख लिया है। उसे घर से निकाल दिया है। पति की बहनें भी उनकी इस साजिश में शामिल है। एक बहन तो पाकिस्तान में है लेकिन, फोन करके वह भी उसके पति को भड़काती है।
पति चाहता अपना बच्चा: महिला का कहना है कि पति अपना बच्चा चाहता है। इसीलिए शहर के एक अस्पताल में दूसरी महिला के सहयोग से टेस्ट ट्यूब बेबी को जन्म देने की तैयारी कर रहा है। महिला ने अफसरों से कहा कि पति को ऐसा करने से रोका जाए। वरना वह और उसकी बच्ची कहां जाएंगे।
पसोपेश में अधिकारी..: अधिकारी महिला की शिकायत सुनकर चक्कर में हैं। इसलिए कि आखिर किसी को टेस्ट ट्यूब बेबी करने से कैसे रोका जा सकता है। या तो दूसरी महिला आपत्ति करती। उसकी तरफ से कोई आपत्ति नहीं है। ऐसे में पुलिस प्रशासन क्या कार्रवाई कर सकता है। फिलहाल महिला को समझाया गया है कि डॉक्टर को अपनी असहमति के बारे में बता दें ताकि वे टेस्ट ट्यूब बेबी की प्रक्रिया न करें।
वहीं डॉ. भारती सरन के अनुसार अगर पत्नी मां नहीं बन पाती है। पति सेरोगेसी यानी किराए की कोख के जरिया बच्चा पैदा करना चाहता है तो उसके लिए मियां-बीवी की सहमति जरूरी है। अकेले पति यह फैसला नहीं ले सकता। डॉ. लतिका अग्रवाल टेस्ट ट्यूब के जरिये बच्चा पैदा करना अलग प्रक्रिया है। सेरोगेसी के लिए सहमति बेहद जरूरी है।