Subhash Nagar Case : पति के पास आया फोन, बोला- हेलो! विनोद का दोस्त बोल रहा हूं, कैसी है पत्नी Bareilly News
पीड़ित महिला के पति ने पुलिस को बताया कि आरोपित के दोस्त का फोन आया था। उसने बताया कि वह विनोद का दोस्त बोल रहा है तेरी पत्नी कैसी है।
जेएनएन, बरेली: सुभाषनगर में महिला पर पेट्रोल डालकर जलाने वाला अब तक फरार है। पुलिस उसकी सभी रिश्तेदारी में दबिश दे चुकी है, लेकिन वह हाथ नहीं आया। पीड़ित महिला के पति ने पुलिस को बताया कि आरोपित के दोस्त का फोन आया था। उसने बताया कि वह विनोद का दोस्त बोल रहा है, तेरी पत्नी कैसी है। यह जानकारी मिलते ही पुलिस ने विनोद के दोस्त का नंबर भी सर्विलांस पर लगाया है।
सुभाष नगर क्षेत्र निवासी महिला ने पति का साथ छोड़ आरोपित के साथ जाने से इन्कार कर दिया था। इससे
नाराज विनोद ने पेट्रोल डालकर उसे जला दिया था। वह जिला अस्पताल में वह र्जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
पुलिस ने पीड़िता के पति की तहरीर पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
पुलिस की तीन टीमें कर रही तलाश : एसपी सिटी ने पुलिस की तीन टीमों को आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगाया, लेकिन वह अब तक नाकाम रहीं। मोबाइल बंद होने के चलते उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है लेकिन, महिला के पति के पास जिस युवक का फोन आया है, पुलिस उसके जरिए आरोपित तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
आरोपति के रिश्तेदारों के घर पहुंची पुलिस : वारदात के बाद पुलिस ने आरोपित की कुंडली निकाली। पता चला कि जिले में उसकी कई रिश्तेदारी हैं। इस पर पुलिस ने उसकी तलाश में सिकलापुर, कालीबाड़ी, श्यामगंज, सुभाष नगर, मीरगंज, भमौरा पहुंचकर रिश्तेदारों से पूछताछ की। रामपुर में भी दबिश दी।
पानीपत रवाना की गई पुलिस की एक टीम : आरोपित के पानीपत में होने की आशंका जताई जा रही है। इसके चलते सीओ द्वितीय सीमा यादव ने एक टीम को पानीपत रवाना किया है। जो आरोपित की खोजबीन कर रही।