खेत पर मेड़ बांधने गए ग्राम प्रधान के देवर की गोली मारकर हत्या Bareilly News
नेक सहाय के पुत्र जंडेल सिंह (30) मेड़ बांधने खेत पर गए थे। आरोप है कि खेत पर पहले से ही गांव का वेद प्रकाश पुत्र मुंशी थाना इज्जतनगर के ग्राम खेरे भुड़िया के सूरजपाल पुत्र बनवारी लाल व दौलत सिंह पुत्र सूरजपाल मौजूद थे।
बरेली, जेएनएन : खेत की मेड़ बांधने के विवाद में गांव ब्रह्मपुर की प्रधान सीता देवी के देवर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रधान पति रमेश सिंह यादव ने तीन आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव के नेक सहाय व परिवार के कुछ अन्य लोगों के बीच खेत की मेड़ बांधने को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को नेक सहाय के पुत्र जंडेल सिंह (30) मेड़ बांधने खेत पर गए थे। आरोप है कि खेत पर पहले से ही गांव का वेद प्रकाश पुत्र मुंशी, थाना इज्जतनगर के ग्राम खेरे भुड़िया के सूरजपाल पुत्र बनवारी लाल व दौलत सिंह पुत्र सूरजपाल मौजूद थे। उन लोगों ने उनसे मेड़ बांधने के लिए मना किया। इस पर कहासुनी होने लगी।
आरोप है कि वेद पाल ने तमंचे से जंडेल के सीने में गोली मार दी। वहां पहुंचे ग्राम प्रधान के पति को भी आरोपितों ने जान से मारने का प्रयास किया लेकिन वे किसी तरह बच गए। परिजन जंडेल को लेकर सीएचसी भमोरा आए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी देहात संसार सिंह व सीओ राम प्रकाश मौके पर पहुंच गए। उन्होंने थाना पुलिस को आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप