Move to Jagran APP

बॉलीवुड से लेकर छोटे पर्दे तक छा रहा बरेली का ग्लैमर Bareilly News

जिस बॉलीवुड ने कभी बरेली को झुमका गिरा रे बरेली के बाजार में.. गाने से नई पहचान दी आज उसी शहर का हुनर उसे नई पहचान दिलाने में जान लगाए हुए है..।

By Abhishek PandeyEdited By: Published: Fri, 01 Nov 2019 11:40 PM (IST)Updated: Sat, 02 Nov 2019 04:21 PM (IST)
बॉलीवुड से लेकर छोटे पर्दे तक छा रहा बरेली का ग्लैमर Bareilly News
बॉलीवुड से लेकर छोटे पर्दे तक छा रहा बरेली का ग्लैमर Bareilly News

बरेली, कभी इतिहास की बदौलत तो कभी चर्चित घटनाओं के बूते..। देश-दुनिया में अपनी अनूठी पहचान बनाता रहा है। लेकिन हर आम-ओ-खास की जुबां पर बरेली नाम लाने का श्रेय तो बॉलीवुड को ही जाता है। उस चर्चित गाने से, जिसके बोल आज भी कानों में रस घोल जाते हैं... झुमका गिरा रे, बरेली के बाजार में..। उस वक्त बॉलीवुड से बरेली का जो मजबूत कनेक्शन जुड़ा, आज तक कायम है। यह गाने का ही कमाल है, बरेली को झुमका सिटी के रूप में नई पहचान मिली मगर... बात सिर्फ यही तक नहीं रही। जिस बॉलीवुड ने कभी बरेली को नई पहचान दी, आज उसी शहर का हुनर उसे नई पहचान दिलाने में जान लगाए हुए है..। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक धूम मचाने वाली प्रियंका चोपड़ा, दिशा पाटनी के नाम किसी से छिपे नहीं। वहीं, बरेली की बेटी आशी दुआ ने भारतीय सिनेमा के 100 साल पूरे होने पर 'बॉम्बे टॉकीजÓ जैसी चर्चित फिल्म बनाकर बॉलीवुड को ब्याज समेत सम्मान लौटा दिया। आइए... आपको मिलाते हैं उन कलाकारों से जिनकी बदौलत आज बॉलीवुड से लेकर टीवी इंडस्ट्री में बरेली का ग्लैमर सर चढ़कर बोल रहा है।

loksabha election banner

प्रियंका चोपड़ा 

बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक शहर का नाम रोशन करने वाली प्रियंका चोपड़ा आज किसी परिचय की मोहताज नहीं है। प्रियंका के पिता डॉ. अशोक सेना में कर्नल थे। सिटी रेलवे स्टेशन के पास आज भी उनका मकान है। शहर के सेंट मारिया गोरंटी कॉलेज में उन्होंने पढ़ाई की। साल 2000 में प्रियंका विश्व सुंदरी बनीं। उसके बाद वह मुंबई चली गईं और आज बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक में छाई हैं।

दिशा पाटनी 

एमएस धौनी द अनटोल्ड स्टोरी, भारत और बागी-2 जैसी फिल्मों से बॉलीवुड में धूम मचाने वाली दिशा पाटनी को कौन नहीं जानता। दिशा के पिता जगदीश पाटनी बरेली में ही सीओ विजिलेंस है। उनका परिवार बरेली में ही रहता है। दिशा हॉलीवुड के मशहूर एक्शन हीरो जैकी चैन के साथ कुंग फू योगा फिल्म में भी नजर आ चुकी हैं।

आशी दुआ

बाम्बे टॉकीज, कालाकांडी और लस्ट स्टोरीज जैसे फिल्मों की निर्माता आशी दुआ शहर के जनकपुरी कॉलोनी की रहने वाली है। आशी के पिता चन्नी दुआ वैसे तो कभी मूलत: बदायूं के रहने वाले थे मगर काफी समय पहले से पूरा परिवार बरेली शिफ्ट हो गया है। आशी यही पली-बढ़ीं। उनकी मां बबुल और छोटी बहन सुनयना तथा छोटा भाई करन दुआ हैं। उन्होंने सेंट फ्रांसिस स्कूल बरेली से फोर्थ क्लास व नैनीताल से हाईस्कूल की पढ़ाई की है। आशी ने सबसे पहले सोनी टीवी पर आने वाला नारी शक्ति को सलाम सीरियल बनाया। जिसने जमकर तारीफ बटोरी। इसके बाद वह सफलता की सीढ़ी चढ़ती चली गईं।

सृष्टि माहेश्वरी

बरेली में रंगमंच से शुरूआत करने वाली सृष्टि माहेश्वरी 'शादी तेरी बजाएंगे हम बैंडÓ फिल्म से बॉलीवुड में अपने अभिनय के हुनर का जलवा दिखा चुकी है। सुभाषनगर निवासी सृष्टि के पिता जयप्रकाश और मां निशा डॉक्टर हैं। सलमान खान के 'बिग बॉसÓ में छोटा सा रोल करने वाली सृष्टि लाइफ ओके चैनल के 'लौट आओ तृषाÓ, 'दिव्य दृष्टिÓ, 'दो दिल बंधे एक डोरी सेÓ, 'थपकी प्यार कीÓ, 'ब्रह्मराक्षसÓ, 'गुमनामÓ, 'अलादीनÓ, 'शपथÓ और 'सुपरकॉप्स वर्सज सुपरविलेंसÓ जैसे धारावाहिक में नजर आ चुकी हैं।

क्यूटी नागपाल

फिल्म पद्मावत की शुरुआत में रणवीर सिंह (अलाउद्दीन खिलजी) संग दिखीं अदाकारा क्यूटी नागपाल बरेली की रहने वाली हैं। इससे पहले क्यूटी चेन्नई एक्सप्रेस, बदमाशियां समेत कई फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं। वर्ष 2007 में मिस बरेली का खिताब जीतने के बाद से ही वो रुपहले पर्दे पर नजर आ रही हैं। क्यूटी राजेंद्र नगर निवासी किशन नागपाल और सुनीता नागपाल की बेटी हैं। हालांकि, अब उनका परिवार मुंबई में शिफ्ट हो गया है।

नेहा चौहान 

सब टीवी के सीरियल तेनालीराम में नजर आ रही नेहा चौहान रामपुर गार्डन में प्रभा सिनेमा के पीछे रहने वाली है। नेहा के पिता अशोक कुमार खाद्य एवं रसद विभाग से रिटायर्ड है। वहीं मां मनोरमा गृहणी हैं। नेहा की शिक्षा यही सेंट मारिया और एलबीएस कॉलेज से हुई है। नेहा इससे पहले जय संतोषी माता, साडा हक, सरोजनी, भाग्यलक्ष्मी, मन में है विश्वास, क्राइम पेट्रोल आदि सीरियल में काम कर चुकी हैं।

पंखुड़ी प्रियदर्शिनी 

जीटीवी के धारावाहिक जोधा अकबर से बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर शुरूआत करने वाली बरेली की पंखुड़ी प्रियदर्शिनी एक के एक बाद सफलता की सीढिय़ा चढ़ती गईं और फिर पीछे पलटकर नहीं देखा। पंखुड़ी हार्टमैन स्कूल के पास की रहने वाली हैं। उनके पिता राजेंद्र कुमार शर्मा रेलवे से रिटायर्ड हैं। वहीं मां मीरा प्रियदर्शनी साहू गोपी नाथ कॉलेज की प्रधानाचार्या रह चुकी हैं। वह कलर्स चैनल पर आने वाले बालाजी प्रोडक्शन हाउस के चंद्रकांता धारावाहिक की सीनियर क्रिएटिव हेड भी रही हैं।  

शहर में हुई मुक्केबाज की शूटिंग

बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक अनुराग कश्यप की मुक्कबाज फि़ल्म की ज्यादातर शूटिंग बरेली में ही हुई है। फिल्म में नेकपुर इलाके के हाथीखाना में स्थित पूर्व महापौर कुंवर सुभाष पटेल का घर, कोहाड़ापीर स्थित एमआरएफ शोरूम का कारखाना, बरेली कॉलेज का जिम, पीडब्ल्यूडी कार्यालय और जंक्शन की रेलवे कॉलोनी समेत फरीदपुर के नवादा इलाका पर्दे पर नजर आया। फिल्म में एक दर्जन से अधिक स्थानीय कलाकारों ने भी अभिनय किया। फि़ल्म में कौशल किशोर, डॉ. भारती सरन, वर्षा शर्मा, जयंत गंगवार, नदीम नियाजी, अंकुर राना, निधि सक्सेना, मीना सोंधी, शुभ्रा भट्ट, सादिक खान, विकास आनंद, अरविंद गौर, ज्योति शर्मा, मोनिका आदि नजर आए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.