निराश होकर बेंगलुरु लौट गई पीड़िता
फ्लाइट लेफ्टिनेंट पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता आठ दिन बाद बेंगलुरु लौट गई।
जागरण संवाददाता, बरेली: फ्लाइट लेफ्टिनेंट पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता आठ दिन बाद बेंगलुरु लौट गई। पीड़िता का कहना था कि पुलिस ने मुकदमा दर्जकर लिया लेकिन उसकी मदद नहीं की। एक बार भी पुलिस फ्लाइट लेफ्टिनेंट को थाने नहीं बुला पाई। वहीं पुलिस का कहना है कि सारी कोशिश की गई। एयरफोर्स के अधिकारी आड़े आ रहे हैं।
मंगलवार सुबह पीड़िता बेंगलुरु लौट गई। पिछले आठ दिन में हुआ यह कि मुकदमा दर्ज हो गया, उसका मेडिकल व बयान भी हो गए लेकिन आरोपित फ्लाइट लेफ्टिनेंट एक बार भी थाने नहीं आया। उल्टा उसे व उसके परिवार वालों को फोन करके मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाता जरूर रहा। लेकिन पुलिस ने उसे नहीं पकड़ा। इधर मुकदमे की विवेचना कर रही महिला दारोगा दीपा चौधरी ने बताया कि फ्लाइट लेफ्टिनेंट को कई बार फोन किया गया। लेकिन वह नहीं आया। एयरफोर्स के अधिकारियों को इस बारे में पत्र लिखा गया है। अब जब वह चाहेंगे तभी फ्लाइट लेफ्टिनेंट के बयान दर्ज हो पाएंगे।
इधर फ्लाइट लेफ्टिनेंट की पत्नी का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी फ्लाइट लेफ्टिनेंट दिल्ली जा रहा है। मुकदमा दर्ज होने के बाद वह शहर कैसे छोड़ सकता है। इतना ही नहीं पीड़िता के जाने के बाद अब महिला दारोगा उनसे सुबूत इकट्ठा करने को कह रही हैं। - पुलिस बोली- एयरफोर्स की अनुमति के बाद ही होगी फ्लाइट लेफ्टिनेंट से बातचीत
- पीड़िता बोली- मुकदमा दर्ज जरूर किया लेकिन आरोपित को पकड़ नहीं पाई पुलिस
-मुकदमा दर्ज होने के बाद भी फ्लाइट लेफ्टिनेंट दिल्ली जा रहा है