Smart City : प्रभारी मंत्री के आदेश के बाद भी नहीं साफ हुआ शहर, गलियां खोल रही हकीकत Bareilly News
शहर को साफ-सुथरा रखने के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा के निर्देशों का नगर निगम पर कोई असर नहीं दिख रहा। शहर के मुहल्लों की गलियों में लगे कूड़े के ढेर व्यवस्था की पोल खोल दी है।
जेएनएन, बरेली : शहर को साफ-सुथरा रखने के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा के निर्देशों का नगर निगम पर कोई असर नहीं दिख रहा। शहर के अधिकांश मुहल्लों की गलियों में लगे कूड़े के ढेर व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। कुछ जगहों पर तो हफ्ते भर तक कूड़ा पड़ा रहता है और नगर निगमकर्मी कूड़ा उठाने तक नहीं आते। एख तरफ दिवाली करीब आ रही है और लोग अपने घरों को साफ-सुथरा करने में जुट गए हैं, वहीं निगम के जिम्मेदारों को शहर में पड़ी गंदगी की कोई चिंता नहीं। लापरवाही के पराकाष्ठा दिख रही है। हां, निगम ने इतना जरूर किया है कि कुछ दिनों से रात को 10 प्रमुख सड़कों की सफाई शुरू करा दी है, लेकिन मुहल्लों में गंदगी के ढेर लगे हैं। जागरण की टीम ने चार मुहल्लों का जायजा लिया तो वहां कूड़े के ढेर पड़े मिले।
शहर में जलाया जा रहा कूड़ा
सुप्रीम कोर्ट व एनजीटी के सख्त निर्देश के बावजूद शहर में धड़ल्ले से कूड़ा जलाया जा रहा है। अक्सर मिनी बाईपास, पीलीभीत बाईपास व अन्य जगह जहां भी कूड़ा फेंका जाता है, वहां आग लगा दी जाती है। पीलीभीत बाईपास रोड पर हाल ही में बड़ी आग लगाई गई थी।
शहर में साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर आयुक्त और नगर स्वास्थ्य अधिकारी की है। उन्हें सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कई बार लिखकर भी दिया है। फिर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा। इस बारे में प्रभारी मंत्री को अवगत कराया जाएगा। डॉ. उमेश गौतम, महापौर
शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। दस प्रमुख सड़कों की रात की सफाई शुरू करवा दी है। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था शुरू करवाने को बजट मांगा है। मुहल्लों में और ध्यान दिया जाएगा। संजीव प्रधान, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकार