ध्यान रखें, बरेली में अब तेजी से बढ़ेगी गलन वाली सर्दी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान में गिरावट के बाद बरेली के मौसम पर असर दिखने लगा है। आशंका व्यक्त की गई है कि पश्चिमी विक्षोभ हिमालय से टकरा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो तेजी से ठंड बढ़ जाएगी।
बरेली, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में हुई भारी बर्फबारी के बाद अब मैदानी इलाकों में गलन वाली ठंड बढ़ने के आसार बन चुके हैं। आइएमडी वेबसाइट के मुताबिक अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट के साथ अभी मौसम फिलहाल साफ रहेगा। लेकिन सुबह और शाम को अच्छा कोहरा छाए रहने की उम्मीद जताई गई है। इससे प्रदूषण की समस्या भी बढ़ने का अंदेशा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान में गिरावट के बाद बरेली के मौसम पर असर दिखने लगा है। आशंका व्यक्त की गई है कि पश्चिमी विक्षोभ हिमालय से टकरा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो तेजी से ठंड बढ़ जाएगी। बरेली में शुक्रवार को धूप निकली, लेकिन बहुत तीखी नहीं थी। सुबह अच्छा कोहरा छाया रहा। जिससे हाईवे पर चलने वालों के लिए दिक्कत बनी रही। वहींं दोपहर में लोग घरों के बाहर और छत पर धूप का आंनद लेने के लिए बैठे दिखाई दिए। लेकिन धूप की तपन थोड़ी कम ही रही। अब आने वाले दिन कड़ाके की सर्दी वाले हाेंगे। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरके सिंह के मुताबिक बरेली के लोगों को गलन वाली सर्दी के लिए तैयार हो जाना चाहिए। उत्तराखंड से सटे हुए शहर के लिए ठंड अपना असर भी तेज दिखाएगी।