बरेली में बर्थ सर्टिफिकेट में बड़ा फर्जीवाड़ा
बरेली। शहर में नगर स्वास्थ्य अधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट के फर्जी हस्ताक्षर कर जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का मामला सामने आया है।
बरेली (जेएनएन)। शहर में नगर स्वास्थ्य अधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट के फर्जी हस्ताक्षर कर जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए जाने का बड़ा मामला सामने आया है। संजयनगर स्थित एक साइबर कैफे संचालक पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगा है। सर्टिफिकेट वेरीफिकेशन के दौरान फर्जीवाड़े को नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने पकड़ा। उन्होंने इस बाबत थाने में तहरीर दी है।
तहरीर के आधार पर बारादरी पुलिस कैफे संचालक की दुकान पर छापेमारी करने पहुंची, लेकिन दुकानदार शटर डाउन कर पहले ही भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
दो प्रमाण पत्र मिले फर्जी
नगर निगम में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अमित निवासी संजय नगर, धर्मपाल निवासी गोसाई गौटिया नवादा जोगियान ने आवेदन किया था। दोनों प्रमाण पत्रों की जब ऑनलाइन जांच की गई तो दोनों प्रमाण पत्र फर्जी निकले। प्रमाण पत्र पर पत्रांक 638 एवं 639 व हस्ताक्षर स्कैन करके लगाए गए थे। इस मामले में आवेदक के प्रमाण पत्र पर अंकित नंबर पर जब नगर निगम से फोन किया गया तो आवेदक ने बताया कि उसने यह प्रमाण पत्र अंश कम्प्यूटर कैफे त्रिमूर्तिं चौराहे के पास अंदर गली में संजय नगर से बनवाया है।
गहनता से होगी जांच
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अशोक कुमार ने इस मामले में नाराजगी जताई है। उन्होंने नगर निगम में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए अप्लाई करने वाले आवेदकों के पत्रों को गहनता से जांच के आदेश दिए हैं। फर्जी प्रमाण पत्र पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
एडमिशन के चक्कर में फर्जीवाड़ा
स्कूलों में एडमिशन के लिए बच्चे का बर्थ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए पेरेंट्स जगह-जगह हाथ पैर मार रहे हैं। इसका फायदा उठाकर जालसाजों ने फर्जी प्रमाण पत्र बनाना शुरू कर दिया है। पिछले दिनों भी कुछ पेरेंट्स ने कम एज दिखाने के लिए अप्लाई किया था लेकिन यह पकड़ में आ गया था।