बरेली के चार लाख परिवारों से अयोध्या के राममंदिर के लिए जुटाया जाएगा पैसा, आरएसएस ने बनाई रणनीति
अयोध्या में प्रभु श्रीराम का मंदिर बनाने के लिए बरेली के चार लाख परिवारों से धन संग्रह किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने रणनीति तय कर ली। केशव कृपा में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर इस मामले में बैठक हुई।
बरेली, जेएनएन। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का मंदिर बनाने के लिए बरेली के चार लाख परिवारों से धन संग्रह किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने रणनीति तय कर ली। केशव कृपा में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर हुई बैठक में बरेली की हर बस्ती, हर घर तक पहुंचने की योजना को मूर्त रूप देने पर मंथन हुआ।
अयोध्या में राममंदिर निर्माण के लिए जनसहभागिता के लिए अब घर-घर संपर्क साधा जाएगा। मकर संक्राति से शुरू होने वाले अभियान में चार लाख परिवारों से संपर्क किया जाएगा। बरेली के परिवारों से एकत्र होने वाले धन को अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए भेजा जाएगा। यह अभियान बसंत पंचमी तक चलेगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि भव्य मंदिर के लिए आस्था प्रकट करने का यही अवसर है। बरेली का हर घर राम मंदिर से जुड़ना चाहता है। पूरे कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद का हर स्थान पर संघ सहयोग करेगा। उस अभियान के प्रमुख अनुराग अग्रवाल एवं आशु अग्रवाल होंगे। निधि संग्रह प्रमुख विवेक अग्रवाल एवं नीरू भारद्वाज होंगे। इस अभियान के प्रचार की ज़िम्मेदारी आलोक प्रकाश एवं मनीष माथुर पर रहेगी। साहित्य वितरण सुनील सिंह और कमलेश वर्मा पर रहेगा। तीन सत्रों में हुई बैठक में पूरी कार्ययोजना विभाग प्रचारक आनंद ने बताई। विभाग कार्यवाह सुरेश ने श्रीराम मंदिर के निर्माण के इतिहास पर प्रकाश डाला। विश्व हिंदू परिषद के संगठन मंत्री रामशंकर, विभाग संघचालक केसी गुप्ता, विहिप के विभाग अध्यक्ष पवन अरोड़ा, मणिकांत शर्मा, महानगर संघचालक अतुल खंडेलवाल, अरविंद बंसल भी मौजूद रहे। बैठक का संचालन डॉ. विमल कुमार ने किया