Coronavirus News Update : तीन बुजुर्ग समेत चार कोरोना संक्रमित की मौत
जिले में कोरोना संक्रमितों की मौत के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को कोरोना संक्रमित चार मरीजों ने दम तोड़ दिया जिसमे एक महिला भी शामिल है।
बरेली, जेएनएन : जिले में कोरोना संक्रमितों की मौत के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को कोरोना संक्रमित चार मरीजों ने दम तोड़ दिया, जिसमे एक महिला भी शामिल है। इनमे से दो बुजुर्ग तो मौत के समय घर पर ही थे। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन को दे दी गई है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि शहर के रोहली टोला निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे। दो दिन पहले परिजनों ने उनकी जांच प्राइवेट लैब से कराई थी। उन्होंने सोमवार सुबह दम तोड़ दिया, लेकिन उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकरी सोमवार दोपहर में लग सकी। वहीं सिविल लाइन्स निवासी 50 वर्षीय महिला जिनका इलाज निजी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। रविवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें कोविड एल टू अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था। सोमवार दोपहर में उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसी प्रकार रहपुरा जागीर निवासी 57 वर्षीय व्यक्ति का इलाज भी एक निजी अस्पताल में चल रहा था। वह ह्रदय रोग संबंधी गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे, उनकी जांच प्राइवेट लैब से हुई थी। इसमे वह पॉजिटिव पाए गए, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा शहर के उगला जागीर निवासी 55 वर्षीय बुजुर्ग जिनका इलाज कोविड एल टू में चल रहा था। सोमवार को उनकी हालत बिगड़ गई, इसके बाद शाम करीब 5 बजे इलाज के दौरान इनकी मौत हो गयी। सभी मृतकों के सम्बंध में जानकारी जिला प्रशासन को दे दी गई है।
-----------------
मंडे को चार कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है, जिसमे दो मरीजों का इलाज कोविड अस्पताल में चल रहा था। एक निजी अस्पताल और एक व्यक्ति की रविवार देर रात मौत हुई है। सोमवार दोपहर में उनकी रिपोर्ट प्राइवेट लैब से पॉजिटिव आई है। कोविड मानकों के तहत सभी का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
- डॉ अशोक कुमार, जिला सर्विलांस अधिकारी