बदायूं में प्लाट पर खुले में जानवर की कुर्बानी देते चार गिरफ्तार
उझानी में प्लाट में कटरा की कुर्बानी देने की और वहां भीड़ जुटने पर पहुंची पलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
बदायूं, जेएनएन : जिले में बकरीद का त्योहार मनाया जा रहा है। प्रशासन ने बिना अनुमति कुर्बानी देने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद उझानी में प्लाट में कटरा की कुर्बानी देने की और वहां भीड़ जुटने पर पहुंची पलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गंज शहीदा मुहल्ले शनिवार को बकरे व कटरे (भैंस का बच्चा) की कुर्बानी देने के लिए लोगों ने कसाई बुलाए थे। खाली पड़े प्लाट में सुबह कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ तो दर्जनभर से अधिक लोगों की भीड़ जुट गई। कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो कस्बा इंचार्ज शिवेंद्र भदौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के पहुंचते ही भगदड़ मच गई। कुर्बानी देने वाले भी भाग खड़े हुए, तब तक कसाई दो दो कटरों की कुर्बानी दे चुके थे। पुलिस ने दौड़ाकर चार लोगों को पकड़ लिया। मौके से दो मृत कटरे के अलावा काटने के उपकरण बरामद हुए हैं। दो मरे हुए कटरे को जमीन में दबवा दिया गया। पकड़े गए लोगों को पुलिस कोतवाली लेकर पहुंची है। कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी को देखते हुए खुले स्थानों पर कुर्बानी पर रोक लगाई गई है। सभी को पहले से ही अवगत करा दिया गया था। इसके बाद भी जो लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।