Loksabha Election 2019: पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा ने बसपा से दिया इस्तीफा, भाजपा के प्रचार में जुटे
पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा ने बसपा से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने यह निर्णय कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना के साथ दो चरणों में हुई मुलाकात के बाद लिया।
जेएनएन, शाहजहांपुर : पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा ने बसपा से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने यह निर्णय कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना के साथ दो चरणों में हुई मुलाकात के बाद लिया। वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी का चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है।
कहेलिया निवासी अवधेश वर्मा 2002 में बसपा के टिकट पर ददरौल से विधानसभा पहुंचे थे। 2007 में दूसरी बार विधायक बनने पर उन्हें बसपा सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री का ओहदा मिला। 2012 में विधानसभा चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर रिजवान अली खां उर्फ भोले मियां को टिकट दे दिया। बर्खास्तगी के बाद अवधेश वर्मा ने भाजपा का दामन साध लिया। भाजपा के टिकट से विधानसभा चुनाव लड़ा। इस चुनाव में वह हार गए। 2017 के विधानसभा चुनाव से पूर्व अवधेश बसपा में शामिल हो गए। लेकिन उन्हें ददरौल के बजाय तिलहर से टिकट दिया गया। यहां से भी चुनाव हारने के बाद अवधेश वर्मा ने बसपा से दूरी बना ली। सुरेश खन्ना से मुलाकात के बाद अवधेश वर्मा ने बसपा से त्यागपत्र दे दिया। शनिवार सुबह वह भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए भी निकल पड़े।