उद्घाटन न कर किया जनता से छल
जागरण संवाददाता, बरेली : भाजपा विधायक द्वारा फ्लाईओवर के उद्घाटन की घोषणा के बाद भी ट्रैफिक
जागरण संवाददाता, बरेली : भाजपा विधायक द्वारा फ्लाईओवर के उद्घाटन की घोषणा के बाद भी ट्रैफिक के लिए इसे न खोले जाने को विपक्षी नेताओं ने आड़े हाथ लिया। उन्होंने इसे जनता के साथ छल बताया। वहीं भाजपा नेताओं ने फ्लाईओवर पर ट्रैफिक से ज्यादा सुरक्षा को तवज्जो दिया और कहा कि जब तक यहां व्यूकटर नहीं लग जाते यातायात के लिए नहीं खोला जाना चाहिए। हालांकि इन नेताओं ने इसके लिए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और वित्तमंत्री की मुख्यमंत्री से लगातार बात होने की भी बात कही। और उम्मीद जताई कि जल्द ही यहां व्यूकटर लगा लिए जाएंगे और फ्लाईओवर पर यातायात शुरू कर दिया जाएगा।
बिथरी विधायक द्वारा फ्लाईओवर के उद्घाटन की सूचना मिली थी। वहां जाना था लेकिन उद्घाटन हुआ ही नहीं। इसी लिए वहां नहीं पहुंचा। यहां पर व्यूकटर लगना बाकी है। जल्द ही इसका काम पूरा कर लिया जाएगा।
-उमेश गौतम, महापौर
------
फ्लाईओवर बनवाना तो दूर की बात भाजपा उसका उद्घाटन भी नहीं करवा पा रही है। भाजपा नेता इसमें भी नाकाम हो चुके हैं। हालांकि फ्लाईओवर में अभी कुछ काम बाकी है। व्यूकटर इसमें सबसे अहम है।
-डॉ.आइएस तोमर, पूर्व महापौर
------
अखबारों में फ्लाईओवर के शुरू होने की खबर पढ़ी थी। इसके बाद सुबह लोगों के आक्रोशित होने की जानकारी मिली। इसीलिए वहां पर गए थे। लेकिन उद्घाटन तो मुख्यमंत्री को ही करना है। वहीं करेंगे।
-केसर सिंह, विधायक नवाबगंज
------
फ्लाईओवर जनता को न सौंपना भाजपा और उसके नेताओं की हठधर्मिता है। सपा सरकार ने बरेली को एक बड़ी सौगात दी थी लेकिन भाजपा आपसी लड़ाई में उसे जानता को नहीं सौंप रही।
-शुभलेश यादव, जिलाध्यक्ष सपा
------
फ्लाईओवर तैयार हो चुका है। इसके बाद भी भाजपा इसे जनता को नहीं सौंप रही। इसकी तिथि लगातार बढ़ाई जा रही है। अब प्रशासन अधूरी तैयारियों का जिक्र कर रहा। यह गलत बयानी है। पुल तुरंत चालू हो।
-नवनीत अग्रवाल, जिलाध्यक्ष आप
------
पुल के उद्घाटन की हमें कोई सूचना नहीं दी गई। इसका उद्घाटन तो मुख्यमंत्री को करना है और पार्टी नेता उनसे संपर्क में हैं। उनका कार्यक्रम मिलते ही पुल का उद्घाटन होगा। तब तक यहां काम भी पूरा हो जाएगा।
-रविंद्र सिंह राठौर, जिलाध्यक्ष भाजपा
------
पुल के उद्घाटन की न तो हमें कोई सूचना मिली और न ही हम इसमें जाते। वित्तमंत्री इसके उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री का समय मांग रहे हैं। पुल तैयार होते ही और उनका समय मिलते ही उसका उद्घाटन होगा।
-उमेश कठेरिया, महानगर अध्यक्ष भाजपा