बदायूं में तरबूज की फसल में घाटा होने पर कीटनाशक पीकर किसान ने की खुदकुशी
बदायूं में एक किसान ने अपने खेत में इस बार तरबूज की फसल लगाई थी। सोचा था तरबूज से जो लाभ होगा उससे अपने अधूरे कामों को पूरा करेगा लेकिन कुदरत को शायद कुछ और ही मंजूर था। फसल में उम्मीद के मुताबिक लाभ की जगह नुकसान हो गया।
बरेली, जेएनएन।बदायूं में एक किसान ने अपने खेत में इस बार तरबूज की फसल लगाई थी। सोचा था तरबूज की फसल से जो लाभ होगा उससे अपने अधूरे कामों को पूरा करेगा, लेकिन कुदरत को शायद कुछ और ही मंजूर था। फसल में उम्मीद के मुताबिक लाभ की जगह नुकसान हो गया।फसल में जो लागत लगी थी वह भी पूरी नहीं आ पा रही थी।इससे परेशान होकर किसान ने कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामला बिल्सी थाना क्षेत्र के सतेती पट्टी गजा गांव का है। किसान विक्रमपाल ने तरबूज की खेती की थी। फसल में घाटा होने पर उसने सोमवार शाम को कीटनाशक पी लिया था। स्वजन ने उसे बिल्सी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस निजी अस्पताल पहुंची है, मामले की छानबीन की जा रही है।