धान की तौल न होने पर किसान ने आत्महत्या का किया प्रयास
दिव्यांग किसान मंजीत सिंह का धान 11 अक्टूबर से पड़ा हुआ है। उनके भाई बलजिंदर सिंह धान की रखवाली कर रहे हैं। तमाम प्रयास के बाद भी धान की तौल नहीं हो पा रही है। शनिवार को बलजिंदर ने क्रय केंद्र पर ही फंदा डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया
धान की तौल न होने पर किसान ने आत्महत्या का किया प्रयास
बरेली, जेएनएन। पीलीभीत के पूरनपुर कृषि उत्पादन मंडी समिति में लगे भारतीय खाद्य निगम के क्रय केंद्र पर मुझा कलां के रहने वाले दिव्यांग किसान मंजीत सिंह का धान 11 अक्टूबर से पड़ा हुआ है। उनके भाई बलजिंदर सिंह धान की रखवाली कर रहे हैं। तमाम प्रयास के बाद भी धान की तौल नहीं हो पा रही है। शनिवार को बलजिंदर सिंह ने क्रय केंद्र पर ही फंदा डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। आस पड़ोस में मौजूद किसानों ने उन्हेंं बमुश्किल समझाया। मामले की सूचना पर उप जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आक्रोशित किसान को काफी समझाया। तौल शुरू होने के बाद किसान शांत हो सका। पूरे मामले को लेकर क्रय केंद्र पर काफी गहमागहमी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। हाल में क्रय केंद्रों पर पाई गई अनियमितता के चलते आरएफसी को सीएम ने निलंबित कर दिया था। उनकी जगह पर नए आरएफसी जोगिंदर सिंह को बनाया गया है।