छात्राएं अपनी शक्तियां पहचान देश हित में लगाएं
परिस्थिति चाहे कितनी भी विपरीत हो हमें उसका डटकर सामना करना चाहिए। अपनी शक्ति को पहचानते हुए उसे देशहित में लगाना चाहिए। हमारे हौसले के आगे बड़ी से बड़ी मुश्किलें भी बौनी साबित होंगी।
बरेली, जेएनएन : परिस्थिति चाहे कितनी भी विपरीत हो, हमें उसका डटकर सामना करना चाहिए। अपनी शक्ति को पहचानते हुए उसे देशहित में लगाना चाहिए। हमारे हौसले के आगे बड़ी से बड़ी मुश्किलें भी बौनी साबित होंगी। हौसले के दम पर मुश्किलों के पहाड़ पर आसानी से फतह हासिल की जा सकती है। रानी लक्ष्मीबाई जयंती एवं एबीवीपी के प्रांत छात्रा सम्मेलन में ऑनलाइन शामिल हुईं महिला पहलवान बबीता फोगाट ने सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए यह विचार रखे। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में सफलता के शिखर को छूने वाली तमाम हस्तियों ने काफी मुश्किलें झेलीं। आग में तपकर ही सोना खरा होता है। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग के सभागार में गुरुवार को हुए कार्यक्रम में 100 से ज्यादा छात्राएं मौजूद रहीं।
मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय छात्रा प्रमुख डॉ. ममता यादव एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री पश्चिम क्षेत्र मनोज नीखरा भी ऑनलाइन (वर्चुअल) जुड़े। डॉ. ममता यादव ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों से लड़ने के लिए महिलाओं को सशक्त बनाते हुए स्त्री सेना का निर्माण किया। क्षेत्रीय संगठन मंत्री पश्चिमी क्षेत्र मनोज नीखरा ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई ने अपनी संस्कृति और देश हित की रक्षा के लिए अंग्रेजों का डटकर सामना किया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र सिंह ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई हमारी आदर्श हैं। उन्होंने अपनी संस्कृति के लिए तलवार उठाई और महिलाओं को स्वाभिमानी एवं आत्मनिर्भर बनने की सीख दी। कार्यक्रम में 156 छात्राएं उपस्थित रहीं और 1072 छात्राएं ऑनलाइन जुड़ीं। इस अवसर पर महानगर विस्तारक आकाश, महानगर अध्यक्ष विनय ऋषिवाल, एमएल गंगवार, अतुल भारद्वाज, मंजूरानी भारती, गौरव यादव, सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।