अनुभवी और मजबूत चेहरों को दी जाएगी संगठन की कमान
कंछल गुट के मजबूत स्तंभ रहे व्यापारियों ने अब अलग राह पकड़ी है। इसके लिए उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उप्र का पंजीकरण कराया गया है। प्रदेश भर में इसके लिए टीम का गठन किया जा रहा है। प्रदेश संयोजक ने बताया कि जल्द ही मजबूत चेहरों को कमान दी जाएगी।
बरेली, जेएनएन। कंछल गुट के मजबूत स्तंभ रहे व्यापारियों ने अब अलग राह पकड़ी है। इसके लिए उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उप्र का पंजीकरण कराया गया है। प्रदेश भर में इसके लिए टीम का गठन किया जा रहा है। व्यापार मंडल के प्रदेश संयोजक ने जिले के व्यापारियों के साथ बैठक कर यहां जल्द ही मजबूत चेहरों को कमान दिए जाने की बात कही।
प्रदेश संयोजक नवनीत गुप्ता शोंटू ने बताया कि राजनैतिक हस्तक्षेप के चलते व्यापारी और व्यापारिक संगठनों के बीच विश्वास में कमी आई है। जिससे आम व्यापारी गुमराह हुआ है। इन्हीं कमियों को दूर करने के लिए एक गैर राजनीतिक उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उप्र के बैनर तले व्यापारियों में नई ऊर्जा का संचार के लिए सशक्त टीम का गठन बरेली में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संगठन का उद्देश्य व्यापारियों को हर प्रकार से मजबूत करना है। बताया कि संगठन पूर्ण रूप से गैर राजनीतिक है, इसलिए व्यापारी सुरक्षा और उसके स्वाभिमान को सुरक्षित रखना इसकी प्रमुख जिम्मेदारी है। बैठक में बदायूं जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष सोनू वर्मा मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल बीते 42 वर्षों से बनवारी लाल कंछल के साथ थे।