पूर्व मंत्री और चार स्वजन भी कोरोना पॉजिटिव
कैंट क्षेत्र के विधायक व पूर्व मंत्री राजेश अग्रवाल और उनके चार स्वजनों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सभी को बुधवार को कोविड एल-3 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद उनके कालीबाड़ी स्थित आवास के 250 मीटर परिधि क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाकर क्षेत्र को सील कर दिया गया।
बरेली, जेएनएन : कैंट क्षेत्र के विधायक व पूर्व मंत्री राजेश अग्रवाल और उनके चार स्वजनों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सभी को बुधवार को कोविड एल-3 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद उनके कालीबाड़ी स्थित आवास के 250 मीटर परिधि क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाकर क्षेत्र को सील कर दिया गया। श्यामगंज की ओर सीवर लाइन का कार्य चलने से पहले ही रास्ता बंद था। अब बरेली कालेज, कालीबाड़ी की तरफ से भी बल्लियां लगाकर क्षेत्र को सील कर दिया गया हैं। हालांकि वाहनों की आवाजाही यहां भले ही बंद हो गई हो लेकिन यहां मार्केट होने के चलते कुछ ही दूर कई दुकानें खुली रहीं। वहीं मुहल्ले में दिन भर चहल पहल रही। कंटेनमेंट जोन में बल्लियां लगाने की औपचारिकता ही की गई है। पुलिसकर्मी भी कुछ देर दिखे, बाद में चले गए। आइवीआरआइ के 1047 सैंपल में महज चार संक्रमित
जिले में बढ़ते संक्रमण के बीच एक राहत भरी खबर आई है। गुरुवार को आइवीआरआइ से आई 1047 सैंपल की रिपोर्ट में मात्र चार लोग ही पॉजिटिव आए। वहीं प्राइवेट लैब से 20 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से सुभाष नगर बदायूं रोड निवासी एक अधेड़ की रिपोर्ट आने से एक दिन पहले ही मौत हो गई थी।
आइवीआरआइ से मिली कुल 1047 सैंपल की रिपोर्ट में जो चार पॉजिटिव आए हैं, वह सीएचसी फरीदपुर के स्वास्थ्य कर्मी हैं। उन्हेांने बीते दिनों फरीदपुर में एमएमयू से अपनी सैंपलिग कराई थी। इसके अलावा जिले के 1043 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। वहीं प्राइवेट लैब से आंवला स्थित इफको टाउनशिप चार व्यक्ति पॉजिटिव निकले हैं। जिसमें एक 7 वर्षीय बच्ची भी शामिल है। इफको टाउनशिप में भी लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्हीं के संपर्क में आने से अन्य लोग भी पॉजिटिव निकल रहे हैं। शांति विहार में रहने वाले एक व्यक्ति भी पॉजिटिव निकले हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उनका बेटा पॉजिटिव आया था। जिसके बाद उन्होंने भी अपना टेस्ट कराया और वह भी पॉजिटिव निकले है।
जोगी नवादा में रहने वाले एक व्यक्ति को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी जिसके बाद उन्होंने अपना कोविड-19 टेस्ट कराया जिसमें वह पॉजिटिव आए हैं। नवाबगंज के रहने वाले एक व्यक्ति भी को तेज बुखार की शिकायत थी। कोरोना टेस्ट में वह पॉजिटिव आए है। सूफी टोला के एक व्यक्ति को भी बुखार की शिकायत के बाद कोरोना टेस्ट कराया। जिसमें वह पॉजिटिव आए हैं। मॉडल टाउन के रहने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव निकले है। तबीयत बिगड़ने पर उनका कोविड-19 टेस्ट कराया गया था।
सदर बाजार की रहने वाले एक व्यक्ति, पवन विहार कॉलोनी की एक महिला भी कोरोना पॉजिटिव निकली है। वहीं बदायूं रोड निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति की कोविड एल-3 अस्पताल में बुधवार रात मौत हो गई थी। जबकि उनकी रिपोर्ट गुरुवार को ही पॉजिटिव आई। परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया गया था, उन्होंने अंतिम संस्कार भी कर दिया था। फिर वायरल हुए वीडियो
कोविड एल-1 अस्पताल में भर्ती संक्रमितों ने यहां की अव्यवस्थाओं को दिखाते हुए फिर कई वीडियो वायरल किए। इनमें से कुछ वीडियो तीन सौ बेड और कुछ रेलवे अस्पताल के हैं। इसमें संक्रमितों ने बताया है कि उन्हें खाना दिए जाने से पहले जमीन पर रखा जाता है। इसके बाद उन्हें दिया जाता है। वहीं अस्पताली में पड़े यूज किए गए ग्लब्स व अन्य गंदगी की वीडियो वायरल की है। सीएमओ डा. विनीत कुमार शुक्ला व विभाग के अन्य अधिकारियों ने संक्रमितों से व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। मलूकपुर में निवासी, सील किया सैलानी
तीन दिन पहले सैलानी निवासी एक युवती पॉजिटिव आई थी। उसका पता सैलानी ही लिखा था, लेकिन वह इस समय मलूकपुर में रह रही थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे मलूकपुर से ही लेकर अस्पताल गई। बीते दो महीने से वहीं रह रही थी। लेकिन बिना जानकारी किए ही मलूकपुर की जगह सैलानी सील कर दिया गया है। अब लोगों ने इस पर एतराज व्यक्त किया है। वर्जन
आइवीआरआइ से कुल चार जबकि प्राइवेट लैब से 16 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं बदायूं रोड निवासी एक व्यक्ति की बुधवार रात मौत हो गई थी। जिनकी रिपोर्ट गुरुवार को आई है।
- डा. विनीत कुमार शुक्ला, सीएमओ